Chandauli News: गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पांच घायल
Chandauli News: धानापुर के किशुनपुरा गांव में गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों में लाठी-डंडों से मारपीट हो गई, जिसमें पांच लोग घायल हुए। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में शामिल हथियार भी बरामद किए गए हैं।

Chandauli News: धानापुर,हिन्दुस्तान संवाद। थाना क्षेत्र के किशुनपुरा गांव में बीते रविवार की सुबह आम रास्ते पर गोबर फेंकने को लेकर दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में दोनों पक्षों के कुल पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्जकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस के अनुसार किशुनपुरा निवासी घनश्याम, डिम्पल पुत्रगण हरिशंकर यादव और प्रिया यादव पत्नी घनश्याम अपनी जमीन पर गोबर फेंकने गए थे। इसी को लेकर दूसरे पक्ष के रामनगीना यादव, आशुतोष, अनिल और प्रियांशु से विवाद हो गया। आरोप है कि विपक्षियों ने गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया।
बीच-बचाव करने आए शिवमूरत यादव के सिर पर भी लाठी से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। शिवमूरत यादव की तहरीर पर धानापुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही थी। सोमवार को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र की टीम ने निदिलपुर पुलिया के पास से वांछित रामनगीना यादव और उसके पुत्र आशुतोष यादव को गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाठी बरामद की गई। टीम में एसआई हरिशंकर सिंह, विनोद यादव, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार मौर्या और कांस्टेबल रवि कुमार सिंह शामिल रहे।


