लापरवाही: बांस -बल्ली के सहारे बिजली का तार
Chandauli News - पीडीडीयू नगर के रविनगर पराहूपुर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति गंभीर सुरक्षा खतरा बन गई है। यहां बिजली के पोल न होने के कारण लटकते तार कॉलोनीवासियों के लिए जानलेवा बन गए हैं। बारिश में गीले बांस के सहारे तार झुकते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है। लोग प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
पीडीडीयू नगर, संवाददाता। नगर पालिका परिषद वार्ड संख्या आठ के रविनगर पराहूपुर क्षेत्र में बिजली की आपूर्ति एक गंभीर सुरक्षा खतरे का रूप ले चुकी है। यहां बिजली के कोई पोल नहीं लगे होने के कारण वर्षों से बास और बल्लियों के सहारे बिजली के तार लटकाए गए हैं। यह अव्यवस्था न केवल बिजली की नियमित आपूर्ति में बाधा डाल रही है, बल्कि कॉलोनीवासियों के लिए जानलेवा दुर्घटना का कारण बनी हुई है। कॉलोनीवासियों के अनुसार यह समस्या कई वर्षों से चली आ रही है। बारिश के मौसम में बांस की बल्लियां गीली हो जाती हैं और तार नीचे झुक जाते हैं।
इससे बिजली का झटका लगने का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं विशेष रूप से प्रभावित हैं। कई बार तार टूटकर सड़क पर गिर चुका है, जिससे कॉलोनी में हादसे होने की आशंका बनी रहती है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि हम रोज डरते-डरते घर से निकलते हैं। बच्चे खेलते समय तारों के नीचे से गुजरते हैं, कोई भी दुर्घटना हो सकती है। नगर पालिका और बिजली विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही। लोगों ने कई बार नगर पालिका परिषद के अधिकारियों और बिजली विभाग से मिलकर शिकायत की, लेकिन आश्वासन के अलावा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कॉलोनीवासियों ने मांग की है कि तत्काल बिजली पोल लगाए जाएं, पुराने तारों को ठीक किया जाए और बास की बल्लियों वाली अवैध व्यवस्था को समाप्त किया जाए। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह मामला बड़े हादसे का रूप ले सकता है। लोग अब प्रशासन से त्वरित हस्तक्षेप की अपील कर रहे हैं ताकि उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


