यूपी और बिहार की एसटीएफ ने पकड़े 1.71 करोड़ का गांजा
संक्षेप: Chandauli News - पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। यूपी और बिहार एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन

पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। यूपी और बिहार एसटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन अंतरराज्यीय तस्करों को बिहार के गया जिले से बुधवार को गिरफ्तार किया। पकड़े गए तस्करों में दो बिहार के रोहतास जिले के और एक चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र का निवासी है। तस्करों के पास से छह कुंतल, 84 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। एसटीएफ के अनुसार बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1.71 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने ट्रक के अलावा एक क्रेटा कार भी बरामद की है। वाराणसी एसटीएफ के निरीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि गांजा तस्करी को लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, उड़ीसा सहित अन्य राज्यों पर नजर रखी जा रही थी।
इसी दौरान मुखबिर से जानकारी मिली कि कुछ लोग उड़ीसा के सम्भलपुर बौध से ट्रक में भारी मात्रा में गांजा की लेकर बिहार के डेहरी आनसोन जाने वाले है। सूचना पर एसटीएफ उत्तर प्रदेश की टीम ने बिहार एसटीएफ से सूचना को साझा करते पकड़ने की रणनीति बनाई। इसके बाद बिहार के गया जिले के बाराचट्टी सीओ और बिहार एसटीएफ को साथ लेकर संयुक्त रूप से घेरेबंदी की। टीम ने तस्करों को गांजा लदी ट्रक को बिहार के गया जिले के बाराचट्टी थाना क्षेत्र में वन विभाग के सामने जीटी रोड उत्तरी लेन से धरा साथ ही तीनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें यूपी के चंदौली के रामगढ़ महाराजगंज गांव का विकास यादव, बिहार के रोहतास जिले का सुभाष नगर डेहरी का संजीव तिवारी और रोहतास के ही न्यू एरिया डेहरी आनसोन का धीरज कुमार शामिल है। गिरफ्तार अभियुक्त धीरज ने पूछताछ पर बताया कि उसका एक संगठित गिरोह है, जो बड़े पैमाने पर मादक पदार्थ (गांजा) की तस्करी करता है। इस गिरोह का सरगना यह स्वयं है एवं इसका पार्टनर संजीव है। यह गांजा उडीसा के सम्भलपुर बौध से सरोज एवं अशोक द्वारा नमक की बोरिया के बीच में लोड कराया गया था। जिसे बिहार राज्य में डेहरी आनसोन जनपद रोहतास के गांजा तस्कर बलराम पाण्डेय को सप्लाई देना था। बलराम पाण्डेय बिहार के अलावा पड़ोसी राज्यों और यूपी के चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर में इसकी सप्लाई करता है। धीरज एवं संजीव ट्रक के आगे अपनी क्रेटा कार से पायलटिंग करते है। जिससे की किसी स्थान पर पुलिस द्वारा चेकिंग होती रहती है तो पहले से ही सतर्क हो जाते है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरूद्ध थाना बाराचट्टी, जनपद-गया में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कराया जा रहा है। अग्रिम विधिक कार्यवाही स्थानीय पुलिस की ओर से की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




