पिकअप चालक सहित दो लोगों की मौत
नियामताबाद। हिन्दुस्तान संवाद अलीनगर थाना क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर हुए दुर्घटना में...
नियामताबाद। हिन्दुस्तान संवाद
अलीनगर थाना क्षेत्र में अलग अलग जगहों पर हुए दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। गुरुवार की देर रात चौपाल सागर के समीप पिकअप व डीसीएम वाहन की टक्कर में पिकअप चालक की मौत हो गई। वही शुक्रवार की दोपहर गुल्ली पांडेय पोखरा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आकर साइकिल सवार वृद्ध की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी होते ही रोते बिलखते परिजन भी पहुंच गये।
बिहार के चैनपुर थाना क्षेत्र के डीहा गांव निवासी पिकअप चालक 24 वर्षीय वीरभगत राम वाराणसी से माल लादकर बिहार जा रहा था। जैसे ही वह चौपाल सागर के समीप पहुंचा कि पिकअप का एक्सल टूट गया। जिसकी मरम्मत के लिए वह वाहन से उतरा। इसीबीच पीछे से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम वाहन चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे वीरभगत की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शुक्रवार की दोपहर में रेमा गांव निवासी 65 वर्षीय लालता सोनकर चंदौली से आंख का इलाज कराकर साइकिल से अपने घर वापस लौट रहा था। वह गुल्ली पांडेय पोखरा के समीप जैसे ही पहुंचा कि पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन की चपेट में आकर गंभीर रुप से घायल हो गया। घायलावस्था में पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकत्सिकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वही घटना के बाद परिजनों में खलबली मच गई। आनन फानन में परिजन रोते बिलखते जिला अस्पताल पोसटमार्टम हाउस पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि शव का पीएम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। वहीं अज्ञात व ज्ञात वाहन चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्जकर खोजबीन की जा रही है।