लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। भारतीय नव वर्ष की पूर्व संध्या पर सोमवार की देर शाम संस्कार भारती संस्था की तरफ से सुर ताल सांस्कृतिक उत्सव नगर स्थित एक लान में मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संस्कार भारती काशी प्रांत पालक अधिकारी दीनदयाल पांडेय व विशिष्ट अतिथि दीपक शर्मा, आशुतोष राणा और राम पोद्दार रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ध्येय गीत से प्रारंभ हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि काशी प्रांत पालक अधिकारी दीनदयाल पांडेय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नया साल चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होता है। इसे सहेजने की जरूरत है।
भारतीय काल गणना के अनुसार वर्ष का प्रथम दिवस चैत्र शुक्ल प्रतिपदा वह पुनीत दिवस है जब सृष्टि का आरंभ एवं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का राज्याभिषेक हुआ था। प्राचीन काल से ही नव संवत्सर का स्वागत हम चैत्र नवरात्र के रूप में करते हैं। विशिष्ट अतिथि प्रदेश अध्यक्ष संस्कार भारती उत्तर प्रदेश सनातन कुमार दुबे ने कहा कि संस्कार भारती कला एवं साहित्य के लिए समर्पित अखिल भारतीय संस्था है जो भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं का संवर्धन करता है। संस्कार भारती के जिला अध्यक्ष सतीश जिंदल ने कहा कि भारतीय नव वर्ष हम सबके जीवन में नई आशा और उल्लास लेकर आता है। इसकी शुरुआत रचनात्मक एवं सकारात्मकता के साथ करने की हमारी पुरातन परंपरा रही है। देश की विविधता और एकता को उजागर करते हुए भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करता है। कार्यक्रम में भजन गीत, कथक नृत्य, नृत्य नाटिका, नाटक कृष्ण उपदेश, श्रीराज्याभिषेकम स्थानीय कलाकारों ने प्रस्तुत किया। इस मौके पर राणा प्रताप सिंह, सुभाष तुलसियान, आनंद तोदी, ओम प्रकाश जिंदल, अशोक कनोडिया, डॉ मनोज सिंह, संजय राय, सुधीर कुमार पांडेय, सुनील केसरी, अनिता कुशवाहा, गायिका तारा राज, सुधीर भास्कर, मोहित बागड़िया, निधि तिवारी उपस्थित रहे। अध्यक्षता डॉ ओपी सिंह व संचालन सुरेश अकेला ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।