
कैशलेस सुविधा की घोषणा पर शिक्षकों ने किया कैबिनेट मंत्री का अभिनंदन
Chandauli News - सकलडीहा में शिक्षकों ने मंत्री अनिल राजभर का स्वागत किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर शिक्षकों और शिक्षामित्रों के लिए कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा की। यह कदम शिक्षामित्रों के लिए...
सकलडीहा, हिन्दुस्तान संवाद। सकलडीहा कस्बा में रविवार को शिक्षकों ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर का माला पहनाकर स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को शिक्षक दिवस पर बेसिक और माध्यमिक स्तर के शिक्षकों, शिक्षामित्रों,अनुदेशकों तथा रसोइयों को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा को सराहनीय कदम बताया। जिलाध्यक्ष इन्द्रजीत यादव अजीत ने कहा कि मुख्यमंत्री की यह महत्वपूर्ण घोषणा शिक्षामित्रों के जीवन में नई उम्मीद की किरण लेकर आई है। यह कदम न केवल शिक्षक वर्ग के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराएगा, बल्कि उनके मनोबल को भी बढ़ावा देगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं था, जिससे वे आर्थिक रूप से परेशान थे।

मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय वृद्धि का आश्वासन इस समस्या का स्थायी समाधान लेकर आएगा और शिक्षा मित्रों को उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के अनुसार सम्मान देगा तथा सरकार पर भरोसा जताते हुए कहा कि शीघ्र ही इस आश्वासन को अमली जामा पहनाया जाएगा जिससे शिक्षामित्रों को राहत मिलेगी और वे शिक्षा क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारी और उत्साह के साथ योगदान दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह घोषणा शिक्षक समुदाय के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। संघ के पदाधिकारियों ने सरकार से आग्रह किया है कि वे इस निर्णय को जल्द प्रभावी बनाएं। ताकि इस वर्ग को दीर्घकालीन राहत मिल सके। इस तरह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा ने शिक्षक दिवस के मौके पर पूरी शिक्षाकर्मी समुदाय को सम्मानित और प्रोत्साहित किया है, जो प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत एवं सुचारू बनाने में एक अहम भूमिका निभाएगा। इस अवसर पर जयप्रकाश, प्रकाश भारती, संतोष कुमार, आशुतोष पाण्डेय,राकेश, प्रभाकर, मनीष सिंह,आशुतोष आनन्द, ओमप्रकाश, आनन्द शर्मा,राधेश्याम सहित काफ़ी संख्या में शिक्षामित्र उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




