पछुआ हवा के आगे धूप रही बेअसर, गलन ने किया बेहाल

Jan 13, 2026 07:24 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, चंदौली
share

Chandauli News - पीडीडीयू नगर/शहाबगंज, हिटी। जिले में पिछले दिनों से ठंड में कमी के बाद मंगलवार

पछुआ हवा के आगे धूप रही बेअसर, गलन ने किया बेहाल

पीडीडीयू नगर/शहाबगंज, हिटी। जिले में पिछले दिनों से ठंड में कमी के बाद मंगलवार को सर्दी में अचानक इजाफा हो गया है। भले ही दिन भर तेज धूप खिली रही लेकिन सर्द पछुआ हवा की वजह से गलन इतनी बढ़ गई। इससे लोगों को आवागमन करने में परेशानी हुई। हालांकि सुबह से आसमान साफ रहा और दिनभर धूप निकली लेकिन तेज हवा के कारण बेअसर रही। शाम होते ही गलन बढ़ गई जिससे बाजारों में सन्नाटा छाने लगा और घरों में दुबकने लगे। सुबह से ही पछुआ हवा करीब 25-30 किमी की रफ्तार से चल रही थी। हवा के चलते लोग धूप में खड़े होकर भी ठिठुरते नजर आए।

आमतौर पर धूप निकलने से ठंड में कुछ राहत मिलती है लेकिन मंगलवार को लोग गलन से परेशान दिखे। तेज धूप के बावजूद ठंडी हवाओं ने शरीर में गलन बढ़ा दी। जिससे लोग दिन भर गर्म कपड़ों में लिपटे रहे। ठंड बढ़ने का असर सबसे ज्यादा सुबह और शाम के समय देखने को मिला। कोचिंग जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा। कई अभिभावकों ने छोटे बच्चों को ठंड के कारण कोचिंग भेजने से परहेज किया। मंगलवार को जिले में अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। शाम को घर लौटने वाले राहगीरों, कामगारों, यात्रियों, नौकरीपेशा करनें वालों और ठेला खोमचा वालों को गलन ने काफी बेहाल किया। बाजारों में भी ठंड का असर साफ नजर आया। आम दिनों की तुलना में ग्राहकों की संख्या कम रही। हालांकि गर्म कपड़ों, स्वेटर, जैकेट और ऊनी वस्त्रों की दुकानों पर भीड़ बढ़ गई है। लोग ठंड से बचाव के लिए अतिरिक्त कपड़ों की खरीदारी करते दिखे। चाय, कॉफी और गर्म नाश्ते की दुकानों पर भी ग्राहकों की संख्या में इजाफा हुआ। पीएचसी शहाबगंज के डॉ. रजनीश सिंह के अनुसार इस तरह की ठंड में खासकर बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। ठंडी हवाओं के संपर्क में अधिक देर तक रहने से सर्दी, खांसी, जुकाम और जोड़ों के दर्द की शिकायत बढ़ सकती है। चिकित्सकों ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने, गर्म पेय पदार्थों का सेवन करने और अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल पछुआ हवा का असर बना रहने की संभावना है। जिससे आने वाले दिनों में ठंड और गलन बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और ठंड से बचाव के पूरे इंतजाम करने की आवश्यकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।