Chandauli News: डीएपी-यूरिया की किल्लत से किसानों की परेशानी बढ़ी
Chandauli News: शहाबगंज में धान की रोपाई के बीच डीएपी और यूरिया की भारी कमी से किसान परेशान हैं। किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन खाद की कमी के कारण वे निराश होकर लौट रहे हैं। कृषि के लिए आवश्यक 6000 बोरी डीएपी में से केवल 700 बोरी मिली है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा।

Chandauli News: शहाबगंज, हिन्दुस्तान संवाद। खरीफ सीजन में धान की रोपाई के बीच शहाबगंज की सबसे बड़ी सहकारी समिति पर डीएपी और यूरिया की भारी किल्लत से किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। खाद की कमी के कारण समिति पर सुबह से ही किसानों की लंबी कतारें लग रही हैं। लेकिन पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध न होने से अधिकांश किसानों को निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। शहाबगंज सहकारी समिति पर करीब 40 गांवों के किसान खाद के लिए निर्भर हैं। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय में कम से कम छ हजार बोरी डीएपी की आवश्यकता है।
जबकि अब तक केवल लगभग 700 बोरी डीएपी ही समिति पर पहुंची है। यूरिया की उपलब्धता भी बेहद सीमित है। जिससे किसानों की चिंता और बढ़ गई है। खाद वितरण के दौरान अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने पर किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली। कार्यकर्ताओं के अनुसार कुछ लोगों द्वारा निजी स्वार्थ के चलते खाद वितरण में बाधा पहुंचाई जा रही थी। स्थिति को नियंत्रित करने और पारदर्शी ढंग से वितरण सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस को बुलाना पड़ा। जिसके बाद शांतिपूर्ण तरीके से किसानों को खाद वितरित की गई। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने इस स्थिति पर गहरा रोष व्यक्त करते हुए कहा कि किसान आधार कार्ड, किसान आईडी, खतौनी सहित तमाम दस्तावेज लेकर घंटों लाइन में खड़े रहते हैं। लेकिन पर्याप्त खाद उपलब्ध नहीं होने से उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है। उन्होंने बताया कि इस गंभीर समस्या से जिलाधिकारी तथा सहकारिता विभाग के एडीसीओ को अवगत करा दिया गया है। चेतावनी दी कि यदि धान की रोपाई के महत्वपूर्ण समय में डीएपी और यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति शीघ्र नहीं की गई तो किसान विकास मंच जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन करेगा। इस दौरान रेयाज अंसारी, शिवाकांत उपाध्याय, चंद्रजीत यादव, ओमप्रकाश मौर्य, पंकज सिंह, कल्पनाथ प्रजापति, सुनील पटेल आदि किसान मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


