शिकारगंज-कुसही मार्ग धंसा, लोग परेशान
Chandauli News - शिकारगंज में कुसही मार्ग पर कल्याणीपुर गांव के पास बरसात के बाद सड़क की पटरी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि मरम्मत न होने से राहगीरों को परेशानी हो रही है। उन्होंने संबंधित विभाग से शीघ्र मरम्मत की मांग की है, अन्यथा वे प्रदर्शन करने की चेतावनी दे रहे हैं।
शिकारगंज, हिन्दुस्तान संवाद। शिकारगंज से कुसही मार्ग पर कल्याणीपुर गांव के पास स्थित पहाड़ी से बरसात के दिनों में बहकर आने वाले पानी ने सड़क की पटरी को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया है। बारिश थमने के कई महीने बाद भी सड़क की पटरी की मरम्मत नहीं हो सकी है। जिससे ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि संबंधित विभाग की उदासीनता के कारण स्थिति दिन-प्रतिदिन और खतरनाक होती जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार पहाड़ी से तेज बहाव के साथ आने वाला पानी सड़क के किनारे की मिट्टी को काटकर बहा ले गया।
जिससे कई स्थानों पर पटरी धंस गई है। सड़क के किनारे गड्ढे बन जाने से दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए गुजरना जोखिम भरा हो गया है। विशेष रूप से रात के समय दुर्घटनाओं की आशंका अधिक बढ़ जाती है। कई बार बाइक सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं और चोटिल भी हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि अंधेरे में क्षतिग्रस्त हिस्से स्पष्ट दिखाई नहीं देते। जिससे हादसे बढ़ रहे हैं। क्षेत्र के निवासी कमलेश यादव, इंजीनियर प्रवीण यादव, सरोज यादव और माया यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से सड़क की पटरी की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह मार्ग कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। जिससे रोजाना छात्र-छात्राएं, किसान और व्यापारी आवागमन करते हैं। खराब पटरी के कारण वाहनों को सड़क के बीच से गुजरना पड़ता है, जिससे आमने-सामने से आने वाले वाहनों के टकराने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र मरम्मत कार्य शुरू नहीं कराया गया तो वे संबंधित विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त हिस्सों की तत्काल जांच कराकर मिट्टी भराई और सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाए, ताकि भविष्य में बारिश के दौरान दोबारा ऐसी समस्या उत्पन्न न हो। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की इस गंभीर समस्या पर कब तक ध्यान देते हैं । फिलहाल, राहगीर जान जोखिम में डालकर सफर करने को लाचार हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



