ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश चंदौलीशादी से लौट रहे बाइक सवारों को स्कार्पियो ने मारा धक्का, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

शादी से लौट रहे बाइक सवारों को स्कार्पियो ने मारा धक्का, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत

चंदौली में बलुआ के हसनपुर गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। सीओ...

शादी से लौट रहे बाइक सवारों को स्कार्पियो ने मारा धक्का, एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत
हिन्दुस्तान टीम,चहनियां सकलडीहा (चंदौली)Mon, 10 Jun 2019 03:52 PM
ऐप पर पढ़ें

चंदौली में बलुआ के हसनपुर गांव के समीप सोमवार को तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक सवार को धक्का मार दिया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। सीओ प्रदीप सिंह चंदेल ने एक घंटे बाद लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।  

सकलडीहा कस्बा निवासी 47 वर्षीय शिवकुमार राम ईंट भट्टा पर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसके चचेरे भाई बगही गांव निवासी रामअवध राम की बेटी खुश्बू की 9 जून को शादी थी। शिवकुमार राम और उसके तीन भाई राजकुमार, मनोज और सनोज सपरिवार अपनी-अपनी बाइक से चचेरे भाई के बेटी की शादी में शरीक होने गए थे।

दूसरे दिन सोमवार को पूर्वाह्न लगभग साढ़े 11 बजे सभी भाई बाइक से घर लौट रहे थे। 47 वर्षीय शिवकुमार राम, उसकी पत्नी 40 वर्षीया माया देवी और भतीजा 5 वर्षीय सूरज पुत्र सनोज राम एक ही बाइक पर सवार होकर लौट रहे थे। हसनपुर गांव के समीप तेज रफ्तार स्कार्पियो ने बाइक को धक्का मार दिया अौर भाग गई। घटनास्थल पर ही शिवकुमार राम की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल माया और सूरज को आनन-फानन में पीएचसी ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान माया और सूरज की मौत हो गई।

 सड़क दुघर्टना से आक्रोशित ग्रामीणों ने चहनियां-रामगढ़ मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण मृतक आश्रित परिवार को मुआवजा और अज्ञात स्कार्पियो चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। लगभग एक घंटे बाद सीओ सकलडीहा प्रदीप सिंह चंदेल ने समझा-बुझाकर कर मांगों को पूरा करने का आश्वासन देकर चक्काजाम समाप्त कराया। हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना रहा। 

सड़क किनारे पटरी पर बैठे किसान की सड़क हादसे में मौत
चहनियां।बलुआ थाना क्षेत्र के मजिदहा गांव के समीप सोमवार की सुबह लगभग आठ बजे सड़क किनारे पटरी पर बैठे 55 वर्षीय किसान रामसकल यादव की अज्ञात चारपहिया वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। 
मजिदहा गांव के रामसकल यादव सोमवार की सुबह अपनी भैंसों को चराने सिवान की ओर गए थे। वह भैंसों को सिवान में छोड़कर सड़क किनारे पटरी पर बैठे थे। इसी बीच अज्ञात चारपहिया वाहन धक्का मारते हुए फरार हो गया। खून से लथपथ रामसकल यादव को देख बाइक सवार दो युवकों ने ग्रामीणों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन और ग्रामीण पहुंच गए। गंभीर रूप से घायल रामसकल यादव को पीएचसी चहनियां ले जाया गया। जहां हालत चिंताजनक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल जाते समय रामसकल यादव की मौत हो गई। दुर्घटना के बाद परिजनों में खलबली मची रही।‌

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें