महंगाई की मार से आमजन बेहाल, रसोई से बाजार तक बढ़े दाम
Chandauli News - पीडीडीयू नगर, संवाददाता। देश में लगातार बढ़ती महंगाई अब आम आदमी की कमर तोड़ने

पीडीडीयू नगर, संवाददाता। देश में लगातार बढ़ती महंगाई अब आम आदमी की कमर तोड़ने लगी है। पहले एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि हुई, उसके बाद पेट्रोल और डीजल की कीमतों ने लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया। ईंधन महंगा होने का सीधा असर अब बाजार की हर वस्तु पर दिखाई देने लगी है। दूध, दही, तेल, आटा, सब्जी, बिस्कुट, ब्रेड सहित रोजमर्रा की उपयोगी वस्तुओं के दाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे आम जनता परेशान और चिंतित नजर आ रही है।
महंगाई का प्रभाव
महंगाई का सबसे अधिक असर मध्यमवर्गीय और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है। नगर की अनिता श्रीवास्तव ने कहा कि रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है। पहले जहां सीमित आय में परिवार का खर्च आसानी से चल जाता था, वहीं अब महीने के बीच में ही लोगों की जेब खाली होने लगी है। घरेलू महिलाओं का कहना है कि हर सप्ताह बाजार में सामान के दाम बढ़े हुए मिल रहे हैं। नगर की प्रोविजन स्टोर के संचालक भानु प्रसाद गुप्ता ने कहा कि पेट्रोल और डीजल के बढ़े दामों के कारण परिवहन खर्च में भारी वृद्धि हुई है। माल ढुलाई महंगी होने से कंपनियों ने भी अपने उत्पादों की कीमतें बढ़ानी शुरू कर दी हैं। इसका सीधा असर उपभोक्ताओं पर पड़ रहा है। छोटे दुकानदारों के अनुसार ग्राहक अब जरूरत का सामान भी सोच-समझकर खरीद रहे हैं। सीमित आय वाले परिवारों के सामने दो वक्त की रोटी जुटाना भी चुनौती बनता जा रहा है। मजदूर और दैनिक आय पर निर्भर लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं।
व्यापार पर प्रभाव
एशिया की सबसे बड़ी कोल मंडी कहीं जाने वाली चंधासी के ट्रांसपोर्टर अशोक पांडेय, गंगाधर यादव ,सुनील कुमार, नारायण सिंह यादव, राकेश मौर्य, हरिशंकर सिंह मुन्ना, मनोज अग्रवाल सहित दर्जनों व्यापारियों ने डीजल के दाम बढ़ने के बाद ट्रांसपोर्टर का भाड़ा बढ़ने पर कारोबार में कमी की शिकायत की है। बताया कि इससे हम लोगों का कारोबार प्रभावित हुआ है जहां आमदनी कुछ होती थी वह भी कम हो गई है ऐसी हालत में इतना पैसा लगाने के बाद अचानक बिजनेस प्रभावित हो गया है। इसके लिए कोई ठोस उपाय करने की जरूरत है।
सरकारी कदम की आवश्यकता
वहीं ईट निर्माता संघ के प्रदेश महामंत्री रतन कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि ईंधन का दाम बढ़ाने के कारण व्यापार पर बुरा असर पड़ा है इसके लिए सरकार को व्यापारियों के हित में कुछ ठोस कदम उठाने की जरूरत है नहीं तो ईट निर्माता बर्बाद होने की कगार पर हो जाएंगे।
नगर के बड़े कारोबारी प्रॉविजन स्टोर संचालक सूरज जायसवाल, दुलहीपुर के आर एम प्रोविजन स्टोर के संचालक जयकुमार गुप्ता, राम आश्रय गुप्ता आदि लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आम जीवन और अधिक कठिन हो जाएगा। सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने सरकार से मांग की है कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों पर नियंत्रण किया जाए तथा आवश्यक खाद्य पदार्थों के दाम स्थिर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


