विभिन्न मांगों को लेकर ग्राम सचिवों का विरोध दूसरे दिन भी जारी
Chandauli News - नियामताबाद (चंदौली) में ग्राम सचिवों ने ऑनलाइन उपस्थिति, संसाधनों के अभाव और कार्यभार बढ़ाए जाने के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। सचिवों ने काली पट्टी बांधकर नारेबाजी की और शासन से ठोस कार्रवाई की मांग की। चार दिसंबर तक उनका आंदोलन जारी रहेगा, अन्य कार्यक्रमों के साथ।
नियामताबाद(चंदौली), हिन्दुस्तान संवाद। ऑनलाइन उपस्थिति, संसाधनों के अभाव, अतिरिक्त कार्यभार बढ़ाए जाने सहित कई समस्याओं को लेकर एक पखवाड़े तक चलने वाले विरोध प्रदर्शन के तहत दूसरे दिन मंगलवार को भी ग्राम सचिवों ने ब्लाक मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सचिवों ने काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध किया और नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्राम सचिवों ने कहा कि संगठन के प्रांतीय नेतृत्व की ओर से शासन को कई पत्र भेजे जाने के बावजूद मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई। जिससे कर्मचारियों में आक्रोश है। सचिवों ने नए फेशियल रिकॉग्निशन आधारित ऑनलाइन उपस्थिति सिस्टम, संसाधनों के अभाव में कार्यभार बढ़ाए जाने, गैर-विभागीय कार्यों-जैसे फार्मर रजिस्ट्री, एग्रो स्टैक सर्वे, आयुष्मान कार्ड, पेंशन सत्यापन, कायाकल्प कार्यक्रम और पराली प्रबंधन के काफी दबाव है।
कहा कि आंदोलन में चार दिसंबर तक ब्लॉक मुख्यालय पर काली पट्टी बांधकर प्रतीकात्मक विरोध और नारेबाजी, 5 दिसंबर को सभी ब्लाकों पर एक दिवसीय सत्याग्रह और मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा जाएगा। वहीं 10 दिसंबर सचिव निजी वाहनों से सरकारी कार्य नहीं करेंगे, 15 दिसंबर को सभी सचिव अपने डोंगल विकासखंड कार्यालयों में जमा करेंगे। चेताया कि यदि उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लिया गया, तो वे पूर्ण कार्य बहिष्कार और अनवरत धरना शुरु करने को बाध्य होंगे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




