सप्ताहभर से बिजली आपूर्ति ठप होने पर पेयजल संकट गहराया
शिकारगंज, हिन्दुस्तान संवाद। सप्ताहभर से बिजली आपूर्ति ठप होने पर पेयजल संकट गहराया सप्ताहभर से बिजली आपूर्ति ठप होने पर पेयजल संकट गहराया सप्ताहभर से

शिकारगंज, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र स्थित जागेश्वरनाथ उपकेंद्र से संचालित अमरां (दक्षिणी) फीडर से जुड़े एक दर्जन से अधिक गांवों में पिछले एक सप्ताह से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लगातार बिजली गुल रहने से ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। लोगों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ रही है, वहीं पेयजल संकट ने उनकी परेशानियों को और बढ़ा दिया है। जागेश्वरनाथ उपकेंद्र से कुल पांच फीडरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति की जाती है। इनमें से चार फीडरों की आपूर्ति बहाल कर दी गई है, लेकिन अमरां (दक्षिणी) फीडर अब भी बंद पड़ा हुआ है।
इस फीडर से जुड़े बलियां कलां, बलियां खुर्द, जोगियां, सीतापुर ताजपुर, कुसुम्हा, लठियां, सदापुर, गायघाट, भंगड़ा जियनपुरा, सुरथापुर, कुशही, करवदिया सहित एक दर्जन से अधिक गांवों में अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली न मिलने से सबसे अधिक समस्या पेयजल को लेकर हो रही है। बलियां कलां, शिकारगंज, कुशही तथा लठियाँ गांव में स्थापित पानी की टंकियों का संचालन बिजली के अभाव में बंद पड़ा है, जिससे लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। गांवों में लगे हैंडपंपों पर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुट जा रही है। महिलाएं और बच्चे बर्तन लेकर पानी भरने के लिए घंटों इंतजार करने को मजबूर है। ग्रामीणों ने बताया कि गर्मी के कारण हालात दिन-प्रतिदिन गंभीर होते जा रहे है। बिजली नहीं रहने से घरों में लगे पंखे, कूलर और अन्य उपकरण बंद पड़े हैं। रात में मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाने से लोगों की नींद भी हराम हो गई है। विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, वहीं छोटे व्यापारियों का कामकाज भी ठप पड़ गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। लोगों ने शीघ्र विद्युत व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। फीडर पर तैनात एसएसओ रविन्द्र नाथ दूबे ने बताया मरम्मत कार्य चल रहा है। जल्द ही बिजली आपूर्ति शुरू हो जाएगी।


