Chandauli News: सरेसर यार्ड में खाद भंडारण की हो व्यवस्था: सांसद
Chandauli News: पीडीडीयू रेल मंडल में मंडल संसदीय समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सांसदों ने जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। चंदौली सांसद ने खाद भंडारण, रेलवे सुरक्षा और शिक्षा के विकास की मांग की। अन्य सांसदों ने रेलवे कॉलोनियों की सेवाओं को बेहतर बनाने तथा ट्रैक स्थितियों पर चिंता जताई।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, संवाददाता। पीडीडीयू रेल मंडल सभागार में शुक्रवार को मंडल संसदीय समिति की बैठक हुई। बिहार के पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम की अध्यक्षता में सांसदों ने जनहित से जुड़े मुद्दे एवं रेल के सर्वांगीण विकास को लेकर अपने-अपने सुझाव दिए। सांसदों के प्रस्ताव पर ईसीआर के महाप्रबंधक छत्रसाल सिंह एवं डीआरएम उदय सिंह मीना ने विचार कर पहल कराने की बात कही। वहीं चंदौली के सांसद ने पीडीडीयू जंक्शन से सटे सरेसर यार्ड में बने रैक स्थल पर खाद भंडारण एवं वितरण की व्यवस्था को बेहतर करने का मुद्दा उठाया। मंडल संसदीय समिति की बैठक में चंदौली के सांसद वीरेंद्र सिंह ने किसानों की सुविधा, शहरी आधारभूत ढांचे के विकास, रेलवे सुरक्षा तथा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने से संबंधित विषयों पर शीघ्र एवं समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।
किसानों के मुद्दे
सांसद वीरेंद्र सिंह ने पूर्व मध्य रेल इंटर कॉलेज की जर्जर आधारभूत सुविधाओं पर गंभीर दिखे। कहा 1876 में स्थापित यह ऐतिहासिक शिक्षण संस्थान देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रारंभिक शिक्षा का केंद्र रहा है, लेकिन वर्तमान में विद्यालय अनेक मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है। सांसद ने बताया कि विद्यालय में लगभग 575 छात्र एवं 250 छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि लगभग 25 शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इसके अलावा विद्यालय के अन्य सुविधाओं पर ध्यान देने की बात कहीं। सांसद ने सरेसर यार्ड में बीज एवं उर्वरक भंडारण एवं वितरण केंद्र की स्थापना को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का प्रस्ताव रखा.
भंडारण व्यवस्था
कहा कि चंदौली कृषि प्रधान जनपद होने के बावजूद किसानों को बीज एवं उर्वरक प्राप्त करने के लिए अन्य जनपदों में जाना पड़ता है, जिससे समय और धन दोनों की अनावश्यक हानि होती है। सरेसर यार्ड में गोदाम एवं रैक निर्माण कर बीज एवं उर्वरकों के भंडारण एवं वितरण की व्यवस्था विकसित किए जाने से चंदौली सहित आसपास के जनपदों के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा तथा रेलवे की माल ढुलाई गतिविधियों में भी वृद्धि होगी। सांसद ने सुभाष पार्क से सब्जी मंडी, कसाई महाल, काली महाल होते हुए लोहरा तक रेलवे के कच्चे नाले को ढक्कनयुक्त पक्के नाले में परिवर्तित करने का प्रस्ताव भी प्रमुखता से रखा।
अवस्थित मुद्दे
राज्यसभा सांसद दर्शना सिंह के प्रतिनिधि विवेकानंद केशरी ने आयोजित बैठक में ट्रेनों एवं रेलवे परिसरों में अवैध तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने, पीडीडीयू जंक्शन पर अवैध वेंडरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, रेलवे कॉलोनियों में पार्कों के निर्माण एवं सौंदर्गीकरण तथा अन्य जनहित एवं रेलहित से जुड़े अनेक विषयों को भी प्रमुखता से उठाया। वही ट्रैफिक रेलवे अस्पताल बंद होने पर चिंता जताई। रेल प्रशासन को इसका वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। बताया कि लोको अस्पताल में जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता कराई जाए। रेलवे ओवरब्रिज (जीटीआर ब्रिज) की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया। बताया कि रेलवे ब्रिज आसपास के गांवों को जोड़ता है। पुल की तकनीकी जांच कर तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराया जाए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन के सामने अव्यवस्थित खानपान व्यवस्था, स्टेशन के सामने शौचालय के पास खानपान की अव्यवस्था से स्वच्छता और यातायात की समस्या हो रही है। कहा कि इन सभी जनहित और कर्मचारी हित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।
यात्री सुविधाएं
वही राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने आयोजित बैठक में पीडीडीयू जंक्शन के सेकेंड एंट्री गेट को यात्री सुविधा के मद्देनजर विकसित करने की बात कहीं। कहा सेकेंड एंट्री गेट तक आने जाने के लिए बेहतर सड़क, लिफ्ट, पेयजल, ठहराव स्थल, समुचित सुरक्षा को और बेहतर किया जाय। रेलवे कालोनियों में रहने वाले रेलकर्मियों को सुविधा में कटौती न किया जाए। कहा रेलवे कालोनियों में समुचित सफाई के साथ ही सुरक्षा पुख्ता किया जाए।
प्रश्नोत्तर
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


