ओवर लोड में पंद्रह ट्रक सीज, 15 लाख का जुर्माना
Chandauli News - नियामताबाद में परिवहन विभाग ने शनिवार को वाराणसी के आरटीओ मनोज वर्मा के नेतृत्व में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। 15 ट्रकों को सीज किया गया और 25 वाहनों का चालान किया गया, जिससे विभाग को 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह कार्रवाई सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए की गई।

नियामताबाद, हिन्दुस्तान संवाद परिवहन विभाग ने शनिवार को वाराणसी के आरटीओ मनोज वर्मा के नेतृत्व में ओवरलोड वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। इसमें औद्योगिक नगर क्षेत्र सहित नेशनल हाईवे पर चल रहे ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 15 ओवरलोड ट्रकों को सीज किया गया, जबकि 25 अन्य वाहनों का चालान किया गया।कार्रवाई से विभाग को करीब करीब 15 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। आरटीओ मनोज वर्मा ने बताया कि परिवहन आयुक्त के निर्देश पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। कहा कि ओवरलोड वाहन सड़क सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा हैं और इससे सड़कों को भी भारी नुकसान पहुंचता है।
ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान नेशनल हाईवे किनारे स्थित ढाबों और पेट्रोल पंपों के बाहर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों की भी जांच की गई। अधिकारियों ने सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। टीम ने वाहनों के फिटनेस, परमिट, टैक्स और ओवरलोडिंग से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की। आरटीओ ने बताया कि सीज किए गए वाहनों को अवमुक्त कराने के लिए वाहन स्वामियों को प्रशमन शुल्क जमा करना होगा। इन वाहनों से करीब 15 लाख रुपये प्रशमन शुल्क के रूप में वसूले जाएंगे। विभाग की इस कार्रवाई से ओवरलोड वाहन संचालकों में हड़कंप मचा रहा। अभियान में एआरटीओ गाजीपुर धनबीर यादव, जौनपुर के सत्येंद्र कुमार, सोनभद्र के एआरटीओ कौशल सिंह, वाराणसी पीटीओ अखिलेश पांडेय, मिर्जापुर पीटीओ कन्हैया गुप्ता आदि शामिल रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


