
लतीफशाह पिकनिक स्थल रहा गुलजार
Chandauli News - नव वर्ष के अवसर पर लतीफशाह के पिकनिक स्थल पर सैलानियों की भीड़ रही। घने कोहरे के बीच सूरज की लालिमा ने सरोवर को खूबसूरत बनाया। स्थानीय लोग और पर्यटक पिकनिक का आनंद लेते हुए धार्मिक स्थलों पर भी श्रद्धा अर्पित करते रहे। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि लोग सुरक्षित माहौल में नए साल का जश्न मना सकें।
इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। नव वर्ष के अवसर पर वनांचल क्षेत्र स्थित लतीफशाह का पिकनिक स्थल सुबह से ही सैलानियों की हलचल से गुलजार रहा। घने कोहरे को चीरती हुई सूरज की लालिमा सुबह से ही लतीफशाह के सरोवर में प्रतिबिंबित हो रही थी। सूर्य की लालिमा जब सरोवर की जलधारा में सतरंगी लहरियों के बीच झलक रही थी, तो ऐसा प्रतीत हो रहा था जैसे जमीन पर सितारे उतर आए हों। इस दृश्य को देखने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों की संख्या में पर्यटक और स्थानीय लोग वनांचल के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लेने पहुंचे। स्थानीय लोगों और पर्यटकों ने पूरे दिन पिकनिक का आनंद उठाया।
कुछ लोग अपने परिवार के साथ समय बिताते हुए मनोरंजन में व्यस्त थे, वहीं विभिन्न धर्म संप्रदायों के लोग आध्यात्मिक दृष्टि से भी अपनी श्रद्धा अर्पित करते नजर आए। इस अवसर पर कुछ लोगों ने बाबा बनवारी दास के समाधि स्थल पर मत्था टेका और अपने परिवार की खुशहाली और मंगलकामनाएँ कीं। वहीं अन्य संप्रदाय के लोग बाबा लतीफशाह के मजार पर मन्नतें मांगते देखे गए। पिकनिक स्थल पर पहुंचे पर्यटकों ने खाने-पीने का भी भरपूर आनंद उठाया। कुछ लोगों ने बाटी-चोखा बनाया और खाया। इस दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे। सुबह से ही सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय, कांस्टेबल रविंद्र कुमार और सूरज कुमार सहित कई पुलिसकर्मी पिकनिक स्थल पर तैनात रहे, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके और लोगों को सुरक्षित वातावरण में नव वर्ष मनाने का अवसर मिल सके। स्थानीय प्रशासन ने भी पर्यटकों से अपील की कि वे सफाई का विशेष ध्यान रखें और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेते समय किसी भी तरह की अव्यवस्था न फैलाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




