
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाकर कराया मुकदमा दर्ज
Chandauli News - पीडीडीयू नगर, संवाददाता। अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली के समीप बीते दिनों नहर में
पीडीडीयू नगर, संवाददाता। अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली के समीप बीते दिनों नहर में मिले युवक के शव के मामले में परिजनों ने करीब एक माह बाद हत्या का आरोप लगाते हुए बीते शनिवार की शाम तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अलीनगर थाना क्षेत्र के बरहुली गांव के रेवसा झंडा मुजहरिया पुल के पास नहर में बीते 5 नवंबर को संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिला था। जिसकी पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के नेगुरा गांव निवासी 24 वर्षीय दीपक पांडेय के रूप में हुई थी।

दीपक पेशे से ऑटो चालक था और टेंगरा मोड़ से चंदौली तक ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों के मुताबिक, दीपक 4 नवंबर की सुबह रोज की तरह घर से निकला था लेकिन रात तक वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटनास्थल से पुलिस ने एक हेक्सा ब्लेड, छोटा तौलिया और इंजेक्शन की खाली शीशी भी बरामद की थी। मृतक के गले पर मिले निशान मामले को संदिग्ध बना रहे थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी में भी दीपक की मौत गला दबाकर पुष्टि हुई थी। परिजनों ने बताया कि 3 नवंबर की रात दीपक ने फोन पर बताया था कि सागर कुमार, अमरीश कुमार उर्फ छोटी, आशू राम उर्फ आशुतोष सहित चार अज्ञात लोगों ने उसे पकड़कर बुरी तरह मारा पीटा, ढाई हजार रुपये और जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए थे। इस बाबत सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर तीन नामजद और चार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मृतक से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल लोकेशन के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




