Chandauli News: सिम कार्ड लेने आई महिला के बच्चे को उठा ले गया था नशेड़ी
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में एक डेढ़ साल का बच्चा देवांश सोमवार की रात गायब हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे जल्द ही अमोघपुर गांव से सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चे की मां अपने तीन बच्चों के साथ सामान खरीद रही थी। इस दौरान एक नशेडी ने बच्चे को उठाकर ले जाने की कोशिश की थी।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, संवाददाता। पीडीडीयू नगर स्थित एलबीएस कटरे से बीते सोमवार की देर शाम गायब हुए डेढ़ साल के मासूम देवांश को पुलिस ने सोमवार की देर रात सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। बच्चे के मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली और पुलिस की कार्रवाई की सराहना की। अलीनगर थाना क्षेत्र के कठौड़ी गांव निवासी एक महिला अपने तीन बच्चों के साथ एलबीएस कटरे में सिम कार्ड लेने आई थी। इसी दौरान सबसे छोटा बच्चा देवांश को नींद आ गई। महिला ने बच्चे को दुकान के बाहर एक ठेले पर सुलाकर दुकान पर खरीदारी में व्यस्त हो गई।
मौका पाकर एक नशेड़ी दुकान के बाहर ठेले पर सो रहे डेढ़ साल के मासूम को उठाकर वहां से फरार हो गया। घटना की जानकारी होते ही परिजनों में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल आसपास के क्षेत्रों में तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने बच्चे की तलाश तेज कर दी। सोमवार की देर रात पुलिस ने मासूम को अमोघपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए बच्चे को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मुगलसराय कोतवाल विजय प्रताप सिंह ने बताया कि बच्चे को अमोघपुर गांव से सकुशल बरामद कर लिया गया। आरोपी नशेड़ी को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी


