
पत्नी को जहर खिलाकर पति ने भी खुद खाया, पत्नी की मौत
Chandauli News - नियामताबाद (चंदौली) के बसनी गांव में एक पति ने अपनी पत्नी मोनिका को शक के चलते जहर खिलाया और खुद भी जहर खा लिया। मोनिका की मौत हो गई, जबकि पति रोहित की हालत गंभीर है। ग्रामीणों के अनुसार, रोहित नशे का आदी था और पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था। मामले की जांच की जा रही है।
नियामताबाद (चंदौली), हिंदुस्तान संवाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के बसनी गांव में रविवार की देर रात एक पति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते पहले उसे जहरीला पदार्थ खिलाया। फिर खुद भी जहर खा लिया। इससे पत्नी की मौत हो गई। जबकि पति की हालत गंभीर बनी हुई है। बसनी गांव निवासी रोहित कुमार अपनी 26 वर्षीया पत्नी मोनिका पर लंबे समय से शक करता था। ग्रामीणों के अनुसार रोहित नशे का आदी था और आए दिन शराब या अन्य नशीले पदार्थों के सेवन के बाद पत्नी से विवाद करता रहता था। बीते दो-तीन दिनों से पति-पत्नी के बीच लगातार झगड़ा चल रहा था, जिससे घर का माहौल तनावपूर्ण बना हुआ था।

रविवार की देर रात रोहित कुमार सल्फास की टिकिया लेकर घर पहुंचा। पहले उसने खाना खाया, उसके बाद सल्फास की टिकिया को शहद में मिलाकर अपनी पत्नी मोनिका को खिला दिया। ततपश्चात उसने खुद भी वही सल्फास मिला शहद खा लिया। इससे कुछ ही देर में दोनों की हालत बिगड़ने लगी। जब घर से कराहने की आवाजें आने लगीं तो आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जहां सरकारी एंबुलेंस से दोनों को जिलाअस्पताल पहुंचाया गया। जहां इलाज के दौरान पत्नी मोनिका की मौत हो गई। वहीं पति रोहित की हालत गम्भीर होने पर डॉक्टरों ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है। ग्रामीणों के अनुसार रोहित का शक और नशे की आदत ही इस घटना की मुख्य वजह बनी। वह अक्सर पत्नी के चरित्र पर सवाल उठाता था और इसी बात को लेकर झगड़ा करता था। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी अनिल पांडेय ने बताया कि मृतका मोनिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं पति रोहित की गंभीर हालत को देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


