लाभार्थियों को वितिरत किया गया डेमो चेक, टूल किट
केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लगाई गई विकास प्रदर्शनी लाभार्थियों को वितिरत किया गया डेमो चेक, टूल किट, पॉप कार्न उपकरणलाभार्थियो

चंदौली। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन एवं जनकल्याण के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे जन जागरूकता अभियान के तहत बुधवार को जिला प्रशासन और सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से आईटीआई रेवसां में विकास प्रदर्शनी आयोजित की गई। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों को डेमो चेक, टूल किट, पॉप कार्न के उपकरण वितिरत किया। साथ ही सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से एलईडी वैन के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों का प्रसारण भी दिखाया गया। इससे पहले कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि काशी प्रांत के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और बीजेपी जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन एवं फीता काटकर किया।
साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए विकास योजनाओं की प्रदर्शनी का अवलोकन किया।इस अवसर पर जिला खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग, उद्योग विभाग, पर्यटन विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी एवं स्टॉल लगाए। प्रदेश की पहचान बन चुकी परियोजनाओं, आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास और आंतरिक सुरक्षा के सुदृढ़ मॉडल को ‘पहले और अब’ की थीम पर प्रदर्शित किया गया। इस दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ीकरण, महिला सुरक्षा, पुलिस आधुनिकीकरण, विकसित उत्तर प्रदेश-2047 विजन, हरित ऊर्जा, डिजिटल गवर्नेंस, औद्योगिक एवं तकनीकी विकास एवं आधुनिक कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से संबंधित विषयों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। जनप्रतिनिधियों ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनसामान्य तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के प्रयासों की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक विभाग से नामित कलाकार ओम तिवारी ने गीत के माध्यम से सरकार की जन कल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया। इस मौके पर डीएम चंद्रमोहन गर्ग, पीडी डीआरडीए बीबी सिंह, डीसी मनरेगा आरके चतुर्वेदी, खादी ग्राम उद्योग अधिकारी जीपी यादव, अपर जिला सूचना अधिकारी केके यादव सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।


