Chandauli News: लोन की रकम खाते में नहीं आई, फिर भी भेज दिया 19 लाख का नोटिस
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा से ऋण लेने में धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। व्यवसायी सुभाष चंद्र चौहान ने तत्कालीन बैंक मैनेजर और बिचौलिये पर आरोप लगाया है कि उनका 20 लाख रुपये का लोन स्वीकृत होने के बावजूद राशि उनके खाते में नहीं आई और बैंक ने वसूली का नोटिस भेजा है।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, संवाददाता। इंडियन ओवरसीज बैंक की पीडीडीयू नगर शाखा से ऋण लेने के मामले में कथित धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। नगर निवासी व्यवसायी सुभाष चंद्र चौहान ने तत्कालीन बैंक मैनेजर और एक बिचौलिये पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़ित के अनुसार, जुलाई 2022 में उन्होंने व्यवसाय के लिए बैंक से 20 लाख रुपये का लोन कराया था। आरोप है कि लोन स्वीकृत होने के बावजूद ऋण की रकम उनके खाते में नहीं पहुंची। इसके बावजूद अब बैंक की ओर से करीब 19 लाख रुपये की वसूली का नोटिस भेज दिया गया।
व्यवसायी का आरोप है कि लोन की प्रक्रिया के दौरान तत्कालीन बैंक मैनेजर और बिचौलिये की भूमिका रही। खाते में रकम नहीं आने के बावजूद ऋण की देनदारी सामने आने पर उन्होंने मामले की जानकारी बैंक अधिकारियों से लेने का प्रयास किया। संतोषजनक समाधान नहीं होने पर पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर तत्कालीन बैंक मैनेजर और बिचौलिये के खिलाफ धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच के साथ बैंक से जुड़े दस्तावेज और ऋण खाते की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।


