Chandauli News: चार बांधों से छोड़ा जा रहा 40 हजार क्यूसेक पानी, बाढ़ का खतरा
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में चार बांधों से 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। जिला प्रशासन ने संवेदनशील गांवों में सतर्कता बरतने और ग्रामीणों को सावधान रहने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को जलस्तर पर नजर रखने और आपात स्थिति में राहत कार्य शुरू करने के लिए कहा गया है।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, हिटी। जिले के चार बांधों से करीब 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। पानी छोड़े जाने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने शहाबगंज, बबुरी और सदर ब्लाक के संवेदनशील गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की टीमें लगातार बांधों और तटवर्ती क्षेत्रों का भ्रमण कर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बांधों से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका है। इसे देखते हुए तटवर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सावधानी बरतने और नदी के किनारे नहीं जाने की हिदायत दी गई है।
प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और जलस्तर बढ़ने की स्थिति में सुरक्षित स्थानों की ओर जाने के लिए तैयार रहें। जिला प्रशासन की टीमें बांधों की स्थिति के साथ ही आसपास के गांवों में भी लगातार चक्रमण कर रही हैं। अधिकारियों को जलस्तर और पानी के बहाव पर नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।


