Chandauli News: वित्तीय गड़बड़ी में चारी गांव की प्रधान के अधिकार सीज
Chandauli News: बरहनी विकास खंड के चारी गांव के प्राथमिक विद्यालय में वित्तीय अनियमितता के चलते ग्राम प्रधान के अधिकार सीज कर दिए गए हैं। शिकायत के आधार पर डीएम ने जांच आयोग की रिपोर्ट के बाद कार्रवाई की। इस दौरान कई निर्माण कार्यों में अनियमितताएँ पाई गईं। एडीओ पंचायत को प्रशासक के रूप में नियुक्त किया गया है।

Chandauli News: सैयदराजा, हिन्दुस्तान संवाद। बरहनी विकास खंड के चारी गांव में प्राथमिक विद्यालय में टेबल कुर्सी खरीद के साथ ही स्ट्रीट लाइट, शौचालय निर्माण में मिली वित्तीय अनियमितता के बाद ग्राम प्रधान/ प्रशासक का अधिकार सीज कर दिया गया है। जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद बीते मंगलवार को डीएम के आदेश पर कार्रवाई की गई है। इसके साथ ही एडीओ पंचायत प्रेमचंद को प्रशासक के रूप में नियुक्त कर दिया गया है। चारी गांव के ही संजय यादव और अन्य ग्राम वासियों ने महिला ग्राम प्रधान गीता देवी के खिलाफ वित्तीय अनियमितता का आरोप लगाते हुए साल 2023 में ज़िलाधिकारी को लिखित शिकायत की थी।
इस क्रम में डीएम ने टीम गठित कर जांच कराई थी। जिसमें कई बिंदुओं पर कार्य अधूरे कराने और पूरा भुगतान करने का तथ्य सामने आया था। जांच टीम के रिपोर्ट के आधार पर ज़िलाधिकारी ने 8 सितंबर 23 को ग्राम प्रधान गीता देवी के वित्तीय व प्रशासनिक अधिकारों को सीज कर दिया था। ग्राम प्रधान इस आदेश के खिलाफ हाई कोर्ट चली गई। वहां से उन्हें राहत मिल गई थी। इसके आदेश पर उन्हें 4 फ़रवरी 26 को बहाल कर दिया गया था। इसके बाद दोबारा शिकायत मिलने 10 फरवरी 26 को पुनः जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी को प्रारंभिक जांच का आदेश दिया गया था। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी की दोबारा जांच में भी प्राथमिक विद्यालय में कुर्सी टेबल की खरीद में कोटेशन से अधिक भुगतान, विभिन्न निर्माण कार्यों में मिट्टी भराई, इंटरलॉकिंग, बेबी शौचालय, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी, रंगाई-पुताई आदि कार्यों में वित्तीय अनियमितता सामने आई थी। इसके बाद डीपीआरओ ने डीएम से इसकी जांच जिला लेखा परीक्षा अधिकारी और सहायक निदेशक सहकारी समितियां एवं पंचायत लेखा परीक्षा चंदौली से कराने का आग्रह किया था। इन विभागीय अधिकारियों की जांच में भी चारी और स्कूल में हुए वित्तीय गड़बड़ी पाई गई। अधिकारियों ने इसकी रिपोर्ट 10 जुलाई 2026 को डीपीआरओ को सौंपी। डीपीआरओ की ओर से उपलब्ध कराई गई जांच रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने चार अगस्त को वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए गए।


