क्षमता वृद्धि से किसानों को मिलेगा पर्याप्त पानी-डॉ. महेंद्रनाथ
पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता। महदेऊर पंप कैनाल पर लगे ट्रांसफार्मर के खराब होने...
पीडीडीयू नगर, वरिष्ठ संवाददाता।
महदेऊर पंप कैनाल पर लगे ट्रांसफार्मर के खराब होने और कम क्षमता का होने से क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए काफी परेशानी हो रही थी। क्षेत्रीय लोगों की शिकायत पर केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय की पहल पर पंप कैनाल पर लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाकर अब 680 केवीए कर दिया गया है। इससे किसानों को सिंचाई में अब कोई परेशानी नहीं होगी। यह जानकारी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष व सांसद केंद्रीय मंत्री के मीडिया प्रभारी हरिवंश उपाध्याय ने बुधवार को दी।
दरअसल महदेउर पंप कैनाल पर लगा ट्रांसफार्मर महीनेभर से खराब पड़ा था। जिसके कारण दर्जनभर गांवो में सिंचाई की कठिनाई हो रही थी। विभाग द्वारा लगातार ट्रांसफार्मर लगाने का प्रयास किया गया मगर सफलता नहीं मिल रही थी। क्षेत्रीय ग्रामीणों एवं स्थानीय ग्राम प्रधानों ने पत्र के माध्यम से सांसद एवं केंद्रीय भारी उद्योग मंत्री डॉ महेंद्र नाथ पांडेय को अपनी समस्या से अवगत कराया था। इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने पहल करते हुए मुख्य अभियंता विद्युत वाराणसी से वार्ता कर तत्काल ट्रांसफार्मर लगाने का निर्देश दिया था। इसके बाद बिजली विभाग ने पंप कैनाल पर बुधवार को 680 केवीए के उच्च क्षमता का ट्रांसफार्मर लगा दिया है। जिसके संचालन से दर्जनभर गांव अकोड़ा, सलेमपुर, बजहा, श्रीकंठपुर, अकोड़ा कला, शिवपुर आदि गांव की हजारों एकड़ फसल सिंचाई होगी। जहां ग्रामीणों ने इसके बाद राहत की सांस ली है।
