बेन-धरौली मार्ग मरम्मत न होने पर किसानों ने जताया रोष

Newswrap हिन्दुस्तान, चंदौली
share

Chandauli News - इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के परमंदापुर गांव में गुरुवार को किसान विकास मंच के

बेन-धरौली मार्ग मरम्मत न होने पर किसानों ने जताया रोष

इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के परमंदापुर गांव में गुरुवार को किसान विकास मंच के तत्वावधान में आयोजित किसान गोष्ठी में बेन-धरौली मार्ग की जर्जर स्थिति को लेकर किसानों और ग्रामीणों ने गहरा रोष जताया। वक्ताओं ने कहा कि सड़क की बदहाल हालत से राहगीरों तथा किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।मंच के अध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण की योजना के तहत बिजली के खंभे हटाए जाने हैं, जिससे कार्य में विलंब हो सकता है।

ऐसे में आमजन की सुविधा को देखते हुए फिलहाल सड़क की मरम्मत कर गड्ढों को भरवाना बेहद जरूरी है। संगठन के सलाहकार चंद्रसुधीर सिंह ने कहा कि पिछले चार वर्षों से लोग गड्ढों से भरी सड़क पर आवागमन करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि संबंधित अवर अभियंता द्वारा चौड़ीकरण की प्रक्रिया में लगभग एक वर्ष लगने की बात कही गई है। ऐसे में तत्काल राहत के लिए सड़क की रिपेयरिंग आवश्यक है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है।गोकुल पांडेय ने सरकार के ‘गड्ढा मुक्त सड़क’ के वादे का हवाला देते हुए कहा कि यह वादा अब तक धरातल पर नहीं उतर पाया है। वहीं संगठन मंत्री राम अवध सिंह ने प्रशासनिक उदासीनता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि कई वरिष्ठ अधिकारी इस मार्ग से गुजर चुके हैं, इसके बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “सड़क करो अब गड्ढा मुक्त, नहीं सहेंगे गड्ढा युक्त” नारा लगाने के साथ ही चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिलाधिकारी का घेराव किया जाएगा और मामला मुख्यमंत्री व लोक निर्माण विभाग तक पहुंचाया जाएगा। इसमें रविंद्रनाथ सिंह, विष्णु पांडेय, सुरेश मौर्य, उपेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह, सुजीत कुमार, अमरेश पांडेय और कृष्णानंद पांडेय सहित कई लोग मौजूद रहे। अध्यक्षता भोलानाथ सिंह तथा संचालन रामअवध सिंह ने किया।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।