परिषदीय स्कूल के बच्चों को तकनीकी और डिजिटल शिक्षा भी जरूरी
Chandauli News - फोटो-13-शहाबगंज स्थित बीआरसी पर आयोजित शिक्षोन्नयन गोष्ठी में शिक्षामित्र को सम्मानित करते बीएसए फोटो-13-शहाबगंज स्थित बीआरसी पर आयोजित शिक्षोन्नयन गो

शहाबगंज, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज कस्बा स्थित बीआरसी पर गुरुवार को शिक्षोन्नयन गोष्ठी और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर शिक्षकों ने शिक्षा के क्षेत्र में आ रही चुनौतियों और नई शिक्षण पद्धतियों पर विचार साझा किए। गोष्ठी में विशेष रूप से बच्चों में अधिगम सुधार, डिजिटल शिक्षा के प्रसार और राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया। बीएसए सचिन कुमार ने कहा कि शिक्षा समाज की रीढ़ होती है। शिक्षकों की भूमिका केवल ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि वे बच्चों में संस्कार, नैतिकता और सामाजिक चेतना का संचार भी करते हैं। आज के दौर में हमें तकनीकी साधनों के साथ शिक्षण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना होगा।
वहीं सेवानिवृत्त हुए शिक्षामित्र नित्यानंद पाण्डेय को भावभीनी विदाई देते हुए बीएसए ने कहा कि उन्होंने अपने सेवाकाल में जिस लगन और ईमानदारी से कार्य किया है, वह सभी शिक्षकों के लिए अनुकरणीय है। बीईओ अजय कुमार ने कहा कि शिक्षोन्नयन गोष्ठी इस बात का प्रमाण है कि शिक्षक समाज को दिशा देने में कितनी अहम भूमिका निभाते हैं। समय-समय पर ऐसे कार्यक्रमों से शिक्षकों को न केवल प्रोत्साहन मिलता है, बल्कि एक-दूसरे से सीखने का अवसर भी मिलता है। शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य बच्चों में सोचने-समझने की क्षमता विकसित करना है और इसके लिए अध्यापकों को निरंतर आत्मचिंतन करना आवश्यक है। वहीं विदाई समारोह में शिक्षकों ने शिक्षामित्र नित्यानंद पांडेय को साल, साईकिल, रामचरितमानस, भागवत गीता, आर्थिक सहयोग के साथ स्मृति चिह्न भेंट कर उनका सम्मान किया। इससे पहले मां सरस्वती की वंदना एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई। हुआ। इस अवसर पर शिक्षामित्र मण्डल अध्यक्ष भुपेंद्र यादव, ब्लाक अध्यक्ष मनोज तिवारी, विजय श्याम तिवारी, बृजमोहन, विशुद्धानंद, सत्येन्द्र कुमार, रमेश मौर्य,चन्दन सिंह, सत्येन्द्र सिंह, रेनू गुप्ता, सीमा श्रीवास्तव, रंजू मिश्रा, उपेन्द्र मिश्रा सहित आदि शिक्षक उपस्थित रहे। संचालन अजय सिंह ने किया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




