Chandauli News: सावन के आखिरी सोमवार पर शिवालयों में उमड़े श्रद्धालु
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में सावन के चौथे सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्त सुबह से ही मंदिरों में जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए पहुंचे। सभी वर्गों के लोगों ने भगवान शिव से सुख और समृद्धि की प्रार्थना की। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, हिटी। सावन के चौथे और आखिरी सोमवार को जिले के प्रमुख शिवालयों और मंदिरों में आस्थावानों की भीड़ उमड़ पड़ी। भोर से ही भक्तों का रेला बाबा के जलाभिषेक और दुग्धाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंच गया। भक्तों हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से शिवालय गूंज उठे। कांवरियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गंगाजल से बाबा का अभिषेक कर सुख-समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की। पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी और रविनगर स्थित शिवमंदिर, आरपीएफ कॉलोनी शिवमंदिर में सुबह से ही भक्त दर्शन पूजन के लिए भीड़ लगी रही। श्रद्धालुओं ने दुग्धाभिषेक, बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों सहित सभी वर्गों के लोगों ने पूरे श्रद्धाभाव से बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। वहीं सकलडीहा स्थित स्वयंभू कालेश्वर महादेव धाम तथा शिकारगंज के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। वहीं व्यासनगर में वेदव्यास महादेव मंदिर में भी भीड़ रही। धानापुर में विश्वेश्वर महादेव मंदिर पर भी दर्शन पूजन करने वालों की भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों ने सुबह गंगा स्नान कर मंदिर पहुंचे। वहां बाबा का गंगा जल से अभिषेक किया। मंदिर परिसरों में सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन व मंदिर समिति के सदस्य भी मौजूद रहे।

