Chandauli News: जयकारा के साथ बाबा बैजनाथ धाम रवाना हुए कांवरिए
Chandauli News: सावन के अंतिम सोमवार पर शिव भक्त ट्रेन से हुए रवाना जयकारा के साथ बाबा बैजनाथ धाम रवाना हुए कांवरिए जयकारा के साथ बाबा बैजनाथ धाम रवाना हुए कांवरिए जय

Chandauli News: पीडीडीयू नगर,संवाददाता। सावन के अंतिम सोमवार पर जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भोर से ही हर-हर महादेव के जयघोष के साथ हजारों कांवरियों का जत्था पीडीडीयू जंक्शन से बाबा बैजनाथ धाम के लिए रवाना हुआ। स्टेशन परिसर भगवा रंग में रंगा नजर आया। सावन माह के समापन के चलते इस बार अंतिम सोमवारी पर भीड़ सामान्य से अधिक रही। कांवरिए गंगा जल लेकर विशेष ट्रेनों और नियमित एक्सप्रेस ट्रेनों से देवघर के लिए निकले। स्टेशन पर ब्रह्मपुत्र मेल, विक्रमशिला एक्सप्रेस, मगध एक्सप्रेस, विभूति एक्सप्रेस, पूर्वा एक्सप्रेस, पंजाब मेल, हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस और फरक्का एक्सप्रेस सहित सभी ट्रेनों में कांवरियों की भारी भीड़ देखी गई। कई ट्रेनों में जगह न मिलने पर श्रद्धालु बोगियों के फर्श पर बैठकर भी यात्रा करते नजर आए। भीड़ प्रबंधन को लेकर जीआरपी और आरपीएफ अलर्ट मोड पर रही। जीआरपी कोतवाल सुनील कुमार सिंह और आरपीएफ इंस्पेक्टर अनीता कुमारी मय फोर्स के साथ प्लेटफॉर्म पर लगातार चक्रमण करती रहीं। श्रद्धालुओं को सुरक्षित ट्रेनों में चढ़ाने और अफवाहों पर नियंत्रण के लिए जवान तैनात रहे। सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ-साथ पीडीडीयू मंडल कार्यालय स्थित कंट्रोल रूम से भी पल-पल की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। कंट्रोल रूम से प्लेटफॉर्म पर भीड़ बढ़ने की सूचना मिलते ही फोर्स को संबंधित प्लेटफॉर्म पर भेजा जा रहा था। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कांवरियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त व्यवस्थाएं की गई थीं। पेयजल, शौचालय और पूछताछ काउंटर पर विशेष कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। देर रात तक स्टेशन से कांवरियों के जत्थे के रवाना होने का सिलसिला जारी रहा।
बाबा विश्वनाथ का जयघोष करते हुए पैदल रवाना हुए श्रद्धालु
पीडीडीयू नगर,संवाददाता। सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा विश्वनाथ धाम में जलाभिषेक को लेकर श्रद्धालुओं में होड़ मची रही। जिले के अलावा सटे बिहार प्रांत से सैकड़ों श्रद्धालु हर-हर महादेव और बाबा विश्वनाथ का जयघोष करते हुए पैदल काशी के लिए रवाना हुए। इसके अलावा मंदिरों में भी श्रद्धालु रुद्राभिषेक कर परिवार का मंगल कामना किए।
कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा
सोमवार की देर शाम से अलीनगर, पीडीडीयू नगर और मुगलसराय क्षेत्र की सड़कों पर कांवरियों का हुजूम उमड़ पड़ा। युवा, बुजुर्ग और महिलाओं का जत्था हाथों में कांवर और गंगाजल लेकर बाबा विश्वनाथ धाम की ओर बढ़ता रहा। कई श्रद्धालु नंगे पांव तो कई डीजे की धुन पर नाचते-गाते हुए काशी विश्वनाथ के दरबार के लिए निकले। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए जगह-जगह सड़क किनारे स्टाल लगे रहे। सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों द्वारा पानी, शरबत, फल और नाश्ते की व्यवस्था की गई थी। कई जगहों पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। कांवरियों के विश्राम के लिए छाया और बैठने की व्यवस्था भी की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार के नेतृत्व में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह और मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह मय फोर्स के साथ लगातार चक्रमण करते रहे। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। पुलिस ने कांवरियों से अपील की है कि वे समूह में चलें और यातायात नियमों का पालन करें। अधिकारियों ने बताया कि अंतिम सोमवारी पर किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, इसके लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।


