Chandauli News: खराब प्रदर्शन पर डीएम ने अफसरों की लगाई क्लास
Chandauli News: चंदौली में कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। उन्होंने राजस्व वसूली और अंश संशोधन में कमतर प्रदर्शन पर अधिकारियों को फटकार लगाई। सभी एसडीएम को एक सप्ताह में लक्ष्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया। अधिकारियों को जल्द और प्रभावी तरीके से लंबित राजस्व मुकदमों का समाधान करने के लिए कहा गया।

Chandauli News: चंदौली, संवाददाता ।। कलक्ट्रेट सभागार में बुधवार को डीएम चंद्रमोहन गर्ग की अध्यक्षता में अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें कर-करेत्तर, राजस्व वसूली एवं आईजीआरएस की समीक्षा की गई। इस दौरान डीएम ने राजस्व वसूली एवं अंश संशोधन, नाम संशोधन में खराब प्रदर्शन और लापरवाही पर अफसरों को कड़ी फटकार लगाते हुए जमकर क्लास लगाई। साथ ही शिथिलता बरतने पर सभी एसडीएम को एक सप्ताह में लक्ष्य पूरा करने का निर्देश दिया। शासन की मंशा के अनुरूप राजस्व वसूली का शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करना अनिवार्य है। उन्होंने व्यापार कर, स्टांप एवं रजिस्ट्रेशन, आबकारी, खनन और विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि चालू वित्तीय वर्ष के निर्धारित लक्ष्य को समय से पूरा करें।
डीएम ने उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को निर्देश दिया कि तहसीलों में लंबित राजस्व मुकदमों के मामलों का त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। कहा कि प्रत्येक माह विभागों के लिए राजस्व वसूली का लक्ष्य तय किया जाता है। सभी अधिकारी आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ काम करें। ताकि वसूली में तेजी लाई जा सके। कलेक्ट्रेट और तहसील स्तर पर नियमित अनुश्रवण कर वसूली की गति बढ़ाने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक कार्यकाल में उपस्थित रह कर जनसुनवाई कर गुणवत्तापूर्ण तरीके से लोगो की शिकायतों का निराकरण करें। अगर किसी कारण वश कार्यालय से अनुपस्थित है तो किसी सक्षम को लोगों की शिकायतों के निस्तारण के लिए नामित करें। साथ ही किसी का फोन आए तो फीडबैक लेकर उनकी समस्याओं को सुनकर समुचित निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस मौके पर एडीएम राजेश कुमार, एडीएम न्यायिक रतन वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

