
निर्माण कार्य पूरा होने के आठ माह बाद भी भुगतान नहीं, परेशानी
Chandauli News - इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकासखंड के भुडकुडा ग्राम पंचायत में मुख्य मार्ग से सचिवालय
इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकासखंड के भुडकुडा ग्राम पंचायत में मुख्य मार्ग से सचिवालय तक सीसी रोड का निर्माण कार्य पूरा होने के आठ माह बाद भी भुगतान नहीं किया गया है। जिससे ग्राम पंचायत के आगे का कार्य कराने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में करीब 2.71 लाख रुपये की लागत से बनी यह सड़क पूरी तरह से बनकर तैयार है और इसका कार्य भी पिछले महीनों में ही पूर्ण घोषित किया जा चुका है। बावजूद अभी तक भुगतान नहीं किया गया जबकि सीसी रोड निर्माण कार्य की फाइल पर एडीओ पंचायत एवं ग्राम पंचायत सचिव दोनों के हस्ताक्षर दर्ज हैं।
और कार्य स्थल का भौतिक सत्यापन भी किया जा चुका है, जिसमें सड़क को पूरी तरह मानकों के अनुरूप पूर्ण बताया गया है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत सचिव द्वारा भुगतान करने में असमर्थता जताई जा रही है, जिससे निर्माण कार्य कराने वाले को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। एडीओ पंचायत ने कहा कि सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से पूर्ण है और सभी औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। उनका कहना है कि भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर दी जाएगी और संबंधित को जल्द ही धनराशि का भुगतान कर दिया जाएगा। ग्राम प्रधान अशोक कुमार का कहना है कि काम पूरा होने के बाद भी महीनों तक भुगतान न होना विभागीय लापरवाही को दर्शाता है। समय पर भुगतान न मिलने से न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि आगे के कार्यों में भी परेशानी उत्पन्न हो रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




