Chandauli News: चोरों ने दिनदहाड़े दो घरों को खंगाला, लाखों की चोरी
Chandauli News: नियामताबाद के महेवा गांव में बुधवार को दो घरों में चोरों ने दिन के उजाले में चोरी की। आरोपियों ने ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुराई। पीड़ितों ने पुलिस को सूचना दी, जो मामले की जांच कर रही है। चोरियों ने गांव में डर का माहौल पैदा कर दिया है।

Chandauli News: नियामताबाद, हिन्दुस्तान संवाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा (बिलारीडीह) गांव में बुधवार को चोरों ने दिनदहाड़े दो घरों को निशाना बनाया। चोरों ने दोनों घरों का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने चोरी गए सामान की कीमत लाखों रुपये बताई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने चोरी की दो घटनाओं में एक घटना को संदिग्ध बता रही है। बिलारीडीह निवासी सुदर्शन बिंद बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने मकान में ताला बंद कर दूसरे के घर चले गए थे।
इसी बीच चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर कमरे में रखे बक्से को खोलकर सोने का मंगलसूत्र, सोने की बाली, नाक की लौंग, एक जोड़ी चांदी की पायल, छह जोड़ी बिछिया और सोने की अंगूठी चोरी कर ली। पीड़ित के मुताबिक, चोरी गए आभूषणों की कीमत तीन लाख रुपये से अधिक है। वहीं, कुछ दूरी पर स्थित अजय कुमार के घर को भी चोरों ने निशाना बनाया। यहां ताला तोड़कर 23 हजार 500 रुपये नकद, सोने का मंगलसूत्र, एक जोड़ी पैजनी, बाली और चांदी की हाफ करधनी चोरी कर ली गई। इसमें भी तीन लाख रुपये से अधिक के सामान की चोरी होने का दावा किया गया है। दिनदहाड़े हुई इन चोरियों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। इस बाबत अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह ने बताया कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। इनमें एक घटना संदिग्ध लग रही है। जांच के बाद मामले का खुलासा किया जाएगा।

