Chandauli News: भरुहिया रेगुलेटर गेट जर्जर होने से धान की फसल पर संकट
Chandauli News: भरुहिया रेगुलेटर का एक जर्जर गेट लगातार पानी रिसने दे रहा है, जिससे पहाड़पुर, केरायगांव और भरुहिया के किसानों की करीब 200 बीघा धान की फसल पर संकट है। किसान पुआल और लकड़ी से पानी रोकने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारियों ने निरीक्षण के बाद दो दिन में गेट की मरम्मत का आश्वासन दिया है।

Chandauli News: इलिया,हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकासखंड के भरुहिया रेगुलेटर का एक गेट जर्जर होने से तीन गांवों के किसानों की करीब 200 बीघा धान की फसल पर संकट मंडरा रहा है। पहाड़पुर, केरायगांव और भरुहिया गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। गेट से लगातार पानी का रिसाव हो रहा है, जिससे फसल सूखने की आशंका बढ़ गई है। किसान विकास मंच के संगठन मंत्री रामअवध सिंह और सुरेश मौर्य ने बताया कि यह रेगुलेटर केरायगांव ड्रेन पर स्थित है। इसका एक गेट लंबे समय से खराब है। किसान पुआल और लकड़ी लगाकर पानी रोकने की जुगत कर रहे हैं, लेकिन समस्या बनी हुई है।
समय पर मरम्मत नहीं हुई तो धान की फसल को बड़ा नुकसान हो सकता है। मामले को लेकर किसान विकास मंच ने बंधी डिवीजन के अधिकारियों से तत्काल मरम्मत की मांग की। सहायक अभियंता हीरालाल यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अवर अभियंता अजेश्वर सिंह को मौके पर भेजा। अवर अभियंता ने मैकेनिक से गेट की जांच कराई और दो दिन में मरम्मत का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने पर किसानों ने राहत की सांस ली है। उनका कहना है कि समय से गेट ठीक होने पर खेतों तक पानी पहुंच सकेगा और फसल बच जाएगी। इस दौरान अनिल सिंह, जवाहरलाल जायसवाल, रमेश, सीताराम सहित कई किसान मौजूद रहे।


