Chandauli News: साइबर अपराध रोकने को पुलिस ने किया जागरूक
Chandauli News: बलुआ पुलिस ने ऑनलाइन खरीदारी में बढ़ते साइबर अपराधों को रोकने के लिए जागरूकता अभियान शुरू किया है। छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी, उसके नुकसान और सुरक्षित ऑनलाइन लेन-देन के बारे में जानकारी दी गई। जागरूकता कार्यक्रम का संचालन विभिन्न विद्यालयों और कॉलेजों में किया जा रहा है। पुलिस ने कॉलेजों में गोष्ठियों का आयोजन किया है।

Chandauli News: चहनियां, हिन्दुस्तान संवाद। डिजिटल माध्यम से ऑनलाइन खरीदारी, अलग-अलग लिंक, क्यूआर कोड, बारकोड और विभिन्न ऐप के जरिए धनराशि का स्थानांतरण किया जा रहा है। इन सभी में साइबर अपराधी लगातार सेंध लगा रहे हैं। इससे बचाव के लिए बलुआ पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इस दौरान बुधवार को रामगढ़ स्थित लोकनाथ महाविद्यालय में बलुआ थाने की ओर से छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनंत भार्गव ने बताया कि संभ्रांत लोगों, ग्राम प्रधानों और चौकीदारों की मदद से स्कूल-कॉलेजों के साथ-साथ इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साइबर सेल की ओर से जारी एडवाइजरी के जरिए सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।
कहा कि पुलिस इंटरनेट मीडिया पर होने वाली साइबर ठगी, उससे होने वाले नुकसान और उसके सुरक्षित प्रयोग को लेकर जगह-जगह कॉलेजों में जानकारी दे रही है, ताकि लोग ऑनलाइन भुगतान या खरीदारी करते समय ठगी से बच सकें। बलुआ पुलिस नगरीय और ग्रामीण इलाकों में गोष्ठियों के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। आप सभी छात्र सबसे बड़े माध्यम हैं। आप भी लोगों को जागरूक कर नेक कार्य कर सकते हैं। इस मौके पर उपनिरीक्षक मिशन शक्ति अनामिका, जमीरुद्दीन खान, सरोज यादव, रमेश चौहान, प्रबंधक धनंजय सिंह, डॉ. सर्वेश कुमार शर्मा, डॉ. विनय सिंह, डॉ. मदन राम, गोविंद नारायण, नीलम प्रजापति, रितेश गुप्ता, रितेश पांडेय, डॉ. विंदू श्रीवास्तव, रफत जहां, संजय सिंह, धीरेंद्र राय आदि उपस्थित रहे।

