कर्मनाशा नहर पर पुलिया निर्माण शुरू,मिलेगी राहत
Chandauli News - विशुनपुरा के कांटा गांव के समीप लेफ्ट कर्मनाशा नहर पर पुलिया का निर्माण कार्य फिर से शुरू हो गया है। पहले कार्य रोकना पड़ा था, लेकिन अब सिंचाई का दबाव कम होने से स्थानीय लोगों में खुशी है। यह पुलिया कई गांवों को जोड़ेगी और आवागमन में सहूलियत प्रदान करेगी।
विशुनपुरा,हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के चकिया-चंदौली मार्ग पर स्थित कांटा गांव के समीप लेफ्ट कर्मनाशा नहर पर बन रही पुलिया का निर्माण कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। विगत दिनों के समय से रुके इस कार्य के दोबारा प्रारंभ होने से क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी जा रही है। यह पुलिया कांटा गांव के साथ-साथ जगदीशपुर, गोरारी सहित आसपास के कई गांवों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पुलिया का निर्माण कार्य पहले शुरू किया गया था। लेकिन गेहूं की फसल की सिंचाई के लिए नहर में पानी छोड़ दिए जाने के कारण कार्य को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा था।
नहर में पानी का बहाव तेज होने से निर्माण कार्य कर पाना संभव नहीं था। अब सिंचाई का दबाव कम होने और जल स्तर नियंत्रित होने के बाद ठेकेदार द्वारा पुनः निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है।स्थानीय ग्रामीण रामप्यारे गुप्ता का कहना है कि इस पुलिया के अभाव में उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। चकिया-चंदौली मुख्य मार्ग पर स्थित होने के बावजूद नहर पार करने के लिए लोगों को काफी दूरी तय करनी पड़ती थी। बरसात के दिनों में तो स्थिति और भी गंभीर हो जाती थी। स्कूली बच्चों, किसानों, मरीजों और व्यापारियों को आवागमन में दिक्कतें होती थीं। कई बार छोटे वाहन और साइकिल सवारों को जोखिम उठाकर नहर पार करनी पड़ती थी। ठेकेदार ने बताया कि अब कार्य पूरी गति से चल रहा है। मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ा दी गई है ताकि समय पर काम पूरा किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




