Chandauli News: कांग्रेस ने सरकार की नीतियों के खिलाफ की नारेबाजी
Chandauli News: कांग्रेस ने किसानों के अधिकारों और जनसमस्याओं को लेकर तियरा तिराहा से चकिया गांधी पार्क तक पदयात्रा निकाली। करीब 20 गांवों से गुजरी यात्रा में फसलों का उचित मूल्य, एमएसपी की कानूनी गारंटी, खाद-बिजली की उपलब्धता, सिंचाई और खेती की बढ़ती लागत के मुद्दे उठाए गए। नेताओं ने किसानों से अपनी मांगों के लिए एकजुट रहने की अपील की।

Chandauli News: चकिया, हिन्दुस्तान संवाद । किसानों के अधिकारों और जनसमस्याओं को लेकर शनिवार को कांग्रेस की किसान अधिकार यात्रा निकाली गई। तियरा तिराहा से शुरू हुई पदयात्रा करीब 20 गांवों से होते हुए चकिया गांधी पार्क पहुंची। काफिले के साथ निकली यात्रा में सरकार की नीतियों के खिलाफ नारेबाजी की गई। यात्रा के दौरान किसानों को फसलों का उचित मूल्य, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी, खाद-बिजली की उपलब्धता, सिंचाई और खेती की बढ़ती लागत जैसे मुद्दे उठाए गए। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बृजलाल खाबरी ने किसानों की आर्थिक स्थिति और कृषि उपज का उचित मूल्य मिलने की आवश्यकता पर जोर दिया।
अखिलेश शुक्ला ने एमएसपी की कानूनी गारंटी और खेती से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को किसानों का प्रमुख मुद्दा बताया। वहीं डॉ राम अधार जोसेफ ने किसानों से अपने अधिकारों और मांगों को लेकर एकजुट रहने की अपील की।पदयात्रा लालपुर, कुआं, भभुआर, उतरौत, नई बस्ती, गौरी, भष्करपुर, अम्बर, चंडीपुर, डड़िया, इस्माइलपुर, बेदौली, तियरी, इन्द्रपुरवा, पचवनिया, बोदारे और डुही-सुही समेत विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। अंत में चकिया गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर यात्रा का समापन किया गया। इस दौरान शशि उपाध्याय, प्रदीप मिश्रा, रजनीकान्त पांडेय, यशवंत मौर्य, लल्लन सिंह, गंगा राम,विनोद सिंह और सरोज चौबे सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

