कागजों पर नहीं बल्कि मौके पर पहुंचकर किया जाए समस्या का समाधान
Chandauli News - चंदौली में शनिवार को सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान 261 शिकायती पत्र आए, जिनमें से केवल 20 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपा गया। अधिकारियों को समस्याओं के समाधान में लापरवाही बरने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
चंदौली, हिटी। शासन के मंशा के अनुसार फरियादियों की समस्याओं का समाधान करने के लिए शनिवार को जिले के सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। इस दौरान सभी तहसीलों में कुल 261 शिकायती पत्र आए। इसमें मौके पर सिर्फ 20 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। शेष प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर ससमय और गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण करने का निर्देश दिया गया। साथ ही समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही बरने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। सकलडीहा प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील सभागार में सीडीओ आर जगत साई की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ।

इस दौरान कुल 69 प्रार्थना पत्र आए। इसमें मौके पर 7 शिकायतों का निस्तारण किया गया। सीडीओ ने अधिकारियों को चेताया कि कागजों पर समस्या का समाधान नहीं। बल्कि मौके पर पहुंचकर समस्या का समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि एसआईआर कार्य समाप्त होते ही शासन की मंशा के अनुरूप विकास कार्यो को गति दी जाए। राजस्व संबधित मामलों का निस्तारण करते हुए गरीबों को योजना का लाभ दिलाया जाए। कागजों पर समस्या का हल करने वाले अधिकारी और कर्मचारी चिन्हित किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों, ग्रामीणों और बनवासियों को आवास, खाद आदि समय से उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। वहीं धान की खरीद हर हाल में करने की हिदायत दी। एडीशनल एसपी आनंद चन्द्रशेखर ने पंचायत चुनाव को लेकर गांव में छोटी-छोटी विवादों पर पैनी नजर रखने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सीएमओ डॉ. वाईके राय, एसडीएम कुंदन राज कपूर, सीओ स्नेहा तिवारी, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार राजेन्द्र प्रसाद, दिनेश चन्द्र शुक्ल, एक्सईएन विपिन कुमार, बीएसए सचिन कुमार, डीपीआरओ नीरज सिन्हा, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। चंदौली संवाददाता के अनुसार, सदर तहसील सभागार में एसडीएम दिव्या ओझा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इसमें कुल 47 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र के जरिए न्याय की गुहार लगाई। जिसमें मौके पर सिर्फ 2 शिकायतों का निस्तारण किया जा सका। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सौंपकर गुणवत्ता पूर्ण समाधान करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान तहसीलदार चंद्रगुप्त सागर, नायब तहसीलदार राजेंद्र यादव, अंजली वर्मा, संग्रह अमीन रविकांत श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नियामताबाद प्रतिनिधि के अनुसार, पीडीडीयू नगर तहसील में एसडीएम अनुपम मिश्रा की देखरेख में सम्पूर्ण समाधान दिवस हुआ। इसमें कुल 47 प्रार्थना पत्र पड़े। जिनमें 2 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर हुआ। शेष सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंप दिया गया। इस मौके पर सीओ कृष्णमुरारी शर्मा, तहसीलदार राहुल सिंह, नायब तहसीलदार अमित सिंह, बीईओ मनोज यादव, बीडीओ रूबेन शर्मा, अमित तिवारी आदि मौजूद रहे। चकिया प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी विनय कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न मामलों के 75 प्रार्थना पत्र पड़े। इसमें 5 प्रार्थना पत्र का मौके पर निस्तारण कर दिया गया। संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद और ग्राम प्रधानों के कार्यों की जांच से संबंधित मामलों की अधिकता रही। इस दौरान एडीशनल एसपी दिगंबर कुशवाहा, तहसीलदार देवेंद्र कुमार यादव, नायब तहसीलदार आशुतोष राय, बीडीओ विकास सिंह, सीडीपीओ प्रशांत सिंह, बीईओ रामटहल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नौगढ़। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी विकास मित्तल की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 23 फरियादियों ने प्रार्थना पत्र दिया। इसमें 4 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण मौके पर किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार, बीडीओ, विद्युत विभाग, पुलिस विभाग समेत तहसील स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




