कचहरी के सामने सर्विस रोड पर गंदा पानी बहने से परेशानी
चंदौली में सदर तहसील के पास हाइवे प्राधिकरण की नाली जाम हो गई है, जिससे गंदा पानी सर्विस रोड पर बह रहा है। स्थानीय लोगों को गंदगी और बदबू से परेशानी हो रही है। बारिश में स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। लोग प्रशासन से तत्काल सफाई की मांग कर रहे हैं।

चंदौली, संवाददाता। सदर तहसील परिसर के समीप हाइवे प्राधिकरण की ओर से बनी नाली पूरी तरह से जाम हैं, जिससे गंदा पानी ओवरफ्लो कर सर्विस रोड पर बह रहा है। गंदगी और जलभराव से आसपास के लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे आसपास दुर्गंध फैल गई है। इस समस्या से राहगीरों, दुकानदारों तथा तहसील परिसर में आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की समुचित सफाई नहीं कराई गई, जिसके चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है।
सदर तहसील और कचहरी परिसर में प्रतिदिन हजारों की संख्या में अधिवक्ता, वादकारी और आम नागरिक विभिन्न कार्यों से पहुंचते हैं। गंदगी और बदबू के कारण लोगों को संक्रमण फैलने का डर सता रहा है। बरसात के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि जलभराव से मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगता है। लोगों ने आशंका जताई है कि यदि जल्द उक्त नाली की सफाई कर उसे निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ नहीं की गई तो संक्रामक बीमारियां फैलेंगी। दुर्गंध व आवागमन की दिक्कत से लोगों की मुश्किलें दिन प्रतिदिन बढ़ेगी। वहीं बरसात में नाली का पूरा पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ जाएगा, जिससे न केवल आवागमन में परेशानी होगी, बल्कि स्थानीय दुकानदारों का व्यापार भी प्रभावित होगा। स्थानीय नागरिकों और अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर प्रशासन द्वारा नाली सफाई के नाम पर केवल खानापूर्ति की जाती है। नियमित सफाई न होने से कचरा जमा होकर नालियां पूरी तरह जाम हो चुकी हैं। लोगों ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। इस बाबत एसडीएम बिजय कुमार त्रिवेदी ने बताया नगर नाले में पड़ी गंदगी की तत्काल साफ कराया जाएगा, जिससे लोगों को राहत मिल सकें।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


