
छठ महापर्व पर सावजी और काली माता पोखरे पर उमड़ा आस्था का सैलाब
Chandauli News - चंदौली में चार दिवसीय डाला छठ महापर्व के तीसरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भीड़ सावजी और काली माता मंदिर पोखरे पर जुटी। व्रती महिलाओं ने पूजा सामग्री लेकर घाट पर पहुँचकर सूर्य की उपासना की। इस दौरान पूरी...
चंदौली, संवाददाता। चार दिवसीय डाला छठ महापर्व के तीसरे दिन सोमवार की शाम नगर स्थित सावजी एवं काली माता मंदिर पोखरे पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान छठ पर्व का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल नगाड़े के साथ परिजनों संग पूजा सामाग्री लेकर पहुंची व्रती महिलाओं ने घाट पर बनाए गए वेदी पर कलश रख विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद पोखरे के पानी में उतरकर भगवान सूर्य की उपासना की। साथ ही अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान छठ मइया के गीत से पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। जिला मुख्यालय पर दोपहर से ही सावजी और काली माता मंदिर तालाब पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने लगी थी।

व्रती महिलाओं के साथ ही उनके परिवार के लोग पूजा सामग्री लेकर घाट पर पहुंच गए। घरों से डाल लेकर पहुंची महिलाओं ने वेदी पर पूजन सामग्री एवं फल चढ़ाकर भगवान सूर्य की उपासना किया। इसके बाद व्रती महिलाओं ने डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य दिया। कुछ व्रती महिलाएं दीप कलश लेकर घर वापस लौटीं। वहीं दूर-दराज से आयी व्रती महिलाएं घाट पर जमी रहीं। इस दौरान घाटों पर मेले का दृश्य देखने को मिला। बच्चे चाट, फुल्की, गुब्बारे, खिलौने आदि की खरीददारी कर लुत्फ उठाए। छठ पर्व को लेकर घाटों पर व्रती महिलाओं के साथ उनके परिजन एवं युवतियां सेल्फी लेती नजर आईं। छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं के सुरक्षा के जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सदर कोतवाल संजय सिंह टीम के साथ लगातार चक्रमण करते रहे। साथ ही घाटों पर पुलिस के जवान एवं महिला पुलिस कर्मी सादे वर्दी में चक्रमण कर रहे थे। रूट डायवर्जन में सावजी पोखरे और कालीमाता मंदिर पर जाने के लिए केवल व्रती महिलाओं को बाइक से जाने की छूट थी। वहीं चार पहिया एवं दो पहिया वाहनों को घाट से दूर पार्क किया गया था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




