Chandauli News: खेल दिवस पर मेजर ध्यानचंद को याद किया गया
Chandauli News: पीडीडीयू नगर में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। शिक्षण संस्थानों में शिक्षक, विद्यार्थियों ने उनकी याद में पुष्प अर्पित किए और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न खेलों में बच्चों ने उत्साह से भाग लिया और खेलों के महत्व पर चर्चा हुई।

Chandauli News: पीडीडीयू नगर, हिटी। हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाई गई। शनिवार को जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में उन्हें याद किया गया और पुष्प अर्पित कर शिक्षकों, विद्यार्थियों ने नमन किया। इस दौरान विभिन्न प्रकार की खेल प्रतियोगिताएं कराई गई। नगर पालिका इंटर कॉलेज में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान कबड्डी, खो-खो और ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के शुभारंभ से पूर्व विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार सिंह, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मेजर ध्यानचंद के तैलचित्र पर मोमबत्ती जलाकर एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व से अवगत कराते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। मेजर ध्यानचंद का जीवन और उनकी खेल उपलब्धियां आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। प्रतियोगिताओं का संचालन विद्यालय के क्रीड़ा अध्यक्ष एवं जनपदीय क्रीड़ा सचिव अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे。
संगोष्ठी का आयोजन
नियामताबाद प्रतिनिधि के अनुसार, लाल बहादुर शास्त्री स्नातकोत्तर महाविद्यालय के पंडित पारसनाथ तिवारी नवीन परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस पर संगोष्ठी का आयोजन हुआ। इसमें वक्ताओं ने खेलों के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली और युवाओं में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान प्रो. संजय ने कहा कि देश में प्रतिवर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिन हॉकी के जादूगर के रूप में विख्यात मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में मनाया जाता है। कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस का उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के साथ ही स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली के लिए जागरूक करना है। वही डॉ. श्यामलाल यादव ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने प्रतिभाशाली खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को दिए जाने वाले खेल सम्मानों की जानकारी भी दी। इस मौके पर प्रो. अरुण, प्रो. राजीव, प्रो. भावना, डॉ. सुनील आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन और स्वागत डॉ. नवीन व धन्यवाद ज्ञापन राकेश ने किया।
बच्चों ने खेलकूद में सहभागिता
सकलडीहा प्रतिनिधि के अनुसार, हॉकी के महान जादूगर एवं भारतीय हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद जी की जयंती के अवसर पर आज पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार में राष्ट्रीय खेल दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। सबसे पहले मेजर ध्यानचंद के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण रत्नाकर ने विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी खेल प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण एवं देश के लिए उनके योगदान के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को खेलों के महत्व को समझाते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में प्रतिभाग करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान आयोजित खेलकूद में बच्चों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया। इस मौके पर सतीश कुमार, सुरेश कुमार, बनारसी मौजूद रहे।


