जर्जर रेगुलेटर पुल धंसने पर किसानों ने किया विरोध प्रदर्शन
Chandauli News - इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकास क्षेत्र के हड़ौरा स्थित केरायगांव ड्रेन पर बने रेगुलेटर

इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकास क्षेत्र के हड़ौरा स्थित केरायगांव ड्रेन पर बने रेगुलेटर पुल के धंस जाने से क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को किसान विकास मंच के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शन किया और पुल के शीघ्र निर्माण की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि समय रहते मरम्मत न होने पर बड़ा हादसा हो सकता है।
पुल का निर्माण और महत्व
बताया गया कि सिंचाई के लिए बंधी डिवीजन द्वारा केरायगांव ड्रेन पर रेगुलेटर का निर्माण कराया गया है, जिसके ऊपर से लेहरा शाख नहर रोड गुजरती है। इसी मार्ग से सैदूपुर से केरायगांव तक आवागमन होता है। नहर का पानी साइफन के जरिए ड्रेन के अंदर से गुजरता है और उसी मोड़ पर यह रेगुलेटर पुल बना हुआ है। यह क्षेत्र हजारों बीघा कृषि भूमि की सिंचाई के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। वही बीते 20 मई की रात भारी वाहनों के आवागमन के कारण पुल का एक हिस्सा धंस गया। हादसे की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने वहां लकड़ी और लाल कपड़ा लगाकर लोगों को सतर्क किया।
किसान विकास मंच की कार्रवाई
सूचना मिलने पर किसान विकास मंच के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। किसान विकास मंच के मंत्री रामअनंत पांडेय ने कहा कि पुल पूरी तरह जर्जर हो चुका है। जब तक नया पुल नहीं बनाया जाएगा, तब तक बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहेगी। संगठन मंत्री रामअवध सिंह ने बताया कि इस मार्ग से आसपास के तीस-चालीस गांवों के लोग तहसील, ब्लॉक और जिला मुख्यालय आते-जाते हैं। पुल क्षतिग्रस्त होने से आवागमन के साथ सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित होगी। अशोक सिंह ने बताया कि समस्या को लेकर सीएम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई गई है तथा बंधी डिवीजन के अधिशासी अभियंता सुरेश चंद्र से वार्ता की गई है।
स्थानीय नेताओं की प्रतिक्रिया
प्रधान प्रतिनिधि नित्यानंद ने विधायक कैलाश आचार्य और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह को भी मामले से अवगत कराया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने शीघ्र निरीक्षण कर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है। इसमें प्रेमनाथ सिंह, दूधनाथ यादव, अमित कुमार यादव, राम पुकार पांडेय, विनोद खरवार, मुन्ना गुप्ता, अभिषेक कुमार, बुद्धू यादव, प्रदीप गुप्ता, मैनेजर शाह, छोटू मिश्र, राजीव सिंह और जगदीश रावत आदि मौजूद रहे।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


