
नवोदय विद्यालय में पूर्व छात्रों ने छात्रों से साझा किए अनुभव
Chandauli News - चहनियां में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को पुरा छात्र सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पूर्व छात्र शिवम कुमार, विकास कुमार वर्मा, डॉ. सर्वेश कुमार गौतम, और शिवा सिंह ने भाग लिया। सभी ने छात्रों को मेहनत, अनुशासन और समय प्रबंधन के महत्व पर प्रेरित किया।
चहनियां (चंदौली), हिन्दुस्तान संवाद। बैराठ स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में सोमवार को पुरा छात्र सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। जिसमें यूपीएससी में चयनित पूर्व छात्र शिवम कुमार, न्याय विभाग चन्दौली में एडीजे के रुप में कार्यरत विकास कुमार वर्मा, एआरटीओ चंदौली डॉ.सर्वेश कुमार गौतम और व्यवसायी शिवा सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रूप से बुके और शाल ओढ़ाकर प्राचार्य एस के मिश्रा ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुई। विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य, योग नृत्य,लोक नृत्य और तबला वादन प्रस्तुत कर सम्पूर्ण वातावरण को जीवंत कर दिया ।

विद्यालय के प्राचार्य संजय मिश्रा ने अपने उद्बोधन में कहा कि पूर्व छात्र शिवम कुमार की सफलता में समय-पालन, अनुशासन और सतत प्रयास की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मुख्य अतिथि शिवम कुमार ने छात्रों को सह-पाठयक्रम गतिविधियों में भाग लेने, तनाव में भी अपनी पहचान बनाए रखने और मित्रता के रचनात्मक मायने समझने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कक्षा में होने वाला सीखना ही छात्र को एक जिम्मेदार सामाजिक नागरिक बनाता है। अतिथि विकास कुमार वर्मा ने मेहनत को सफलता की अनिवार्य शर्त बताते हुए कहा कि चुनौतियों से घबराना नहीं, बल्कि उनमें स्वयं को निखारना चाहिए। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि अपने मन की बात अवश्य साझा करें। सर्वेश कुमार गौतम ने विद्यार्थियों के जीवन में समय प्रबंधन के महत्व पर जोर देते हुए सभी छात्र छात्राओं को अविराम मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। बहु आयामी होते हुए दिल और दिमाग को साथ रखकर मेहनत करने की शिक्षा दी। सभी पुराछात्रों ने विद्यालय के विद्यार्थियों के प्रश्नों और जिज्ञासाओं को अपने सटीक जवाबों से शांत किया। धन्यवाद ज्ञापन विद्यालय के उप प्राचार्य शुभेंदु भट्टाचार्य तथा संचालन चिन्मय मिश्र ने किया। कार्यक्रम में सुजीत राय,सार्थक शुक्ल,इंदु शर्मा, एपी तिवारी आदि शिक्षक और कर्मी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




