हैंडपंप रिबोर के नाम पर तीन लाख से अधिक के घपले का आरोप
Chandauli News - इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकासखंड के पहाड़ी क्षेत्र में बसे बेलावर में हैंडपंप रिबोर

इलिया, हिन्दुस्तान संवाद। शहाबगंज विकासखंड के पहाड़ी क्षेत्र में बसे बेलावर में हैंडपंप रिबोर के नाम पर सरकारी धन के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि गांव में हैंडपंप रिबोर के नाम पर 3 लाख से अधिक की धनराशि निकाल ली गई है जबकि गांव में अधिकांश हैंडपंप आज भी खराब पड़े हैं या पहले जैसी स्थिति में हैं। पहाड़ों के ऊपर बसे इस गांव में पानी की विकट समस्या बनी रहती है। जिन हैंडपंपों का रिबोर कागजों में दर्शाया गया है, उनमें से कई से अब भी पानी नहीं निकल रहा है। कुछ हैंडपंप जर्जर हालत में पड़े हुए हैं।
अलीम ने कहा कि यदि वास्तव में हैंडपंपों का रिबोर हुआ होता तो गांव के लोगों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ता। त्रिभुवन का आरोप है कि गांव के लोग आज भी दूसरे मोहल्लों में जाकर पानी भरने को मजबूर हैं। वहीं अशोक ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी व खंड विकास अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। खंड विकास अधिकारी शहाबगंज दिनेश सिंह ने बताया कि हैंडपंप रिबोर में गड़बड़ी का मामला संज्ञान में आया है। शिकायत की जांच कराई जाएगी। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता या धन के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


