Chandauli News: रेलवे ट्रैक पर मिली महिला की लाश
Chandauli News: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में महेवा-महादेवपुर के बीच सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर 29 वर्षीय सोनम का शव मिला। वह महेवा गांव की निवासी और दो बच्चों की मां थीं। उनके पति की दो साल पहले सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगा।

Chandauli News: नियामताबाद, हिंदुस्तान संवाद। अलीनगर थाना क्षेत्र के महेवा-महादेवपुर के बीच रेलवे ट्रैक पर सोमवार की सुबह एक 29 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान महेवा गांव निवासी सोनम पत्नी स्वर्गीय रवि के रूप में हुई है। यह घटना तारा जीवनपुर चौकी अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन-पटना रेलखंड पर पोल संख्या 747/7 के पास सोमवार सुबह की है।परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार सोनम की शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी। दो साल पूर्व उसके पति रवि की डिवाइडर से टकराने के कारण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद सोनम अपने दो छोटे बच्चों के साथ अकेले जीवन बिता रही थी।
आर्थिक तंगी और बच्चों की परवरिश की जिम्मेदारी के बीच उसका जीवन कठिन दौर से गुजर रहा था।सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। घटना के बाद से परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

