अस्पताल में घुसकर इलाज करा रही महिला को गोली से उड़ाया, दिनदहाड़े वारदात से सनसनी

नियामताबाद (चंदौली), हिन्दुस्तान संवाद
Follow us on Google News
share

यूपी के चंदौली में प्राइवेट हॉस्पिटल में सोमवार सुबह एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बिहार की रहने वाली महिला वहां पैर के फ्रैक्चर का इलाज करा रही थी। हमलावर ने बेटे के सामने ही वारदात को अंजाम दिया।

अस्पताल में घुसकर इलाज करा रही महिला को गोली से उड़ाया, दिनदहाड़े वारदात से सनसनी

उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया गया है। अलीनगर थाना क्षेत्र के कमलापुर स्थित 'जीवक हॉस्पिटल' में सोमवार सुबह एक अज्ञात हमलावर ने वार्ड में घुसकर इलाज करा रही बुजुर्ग महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों हाथों में पिस्टल लेकर पहुंचे हमलावर को लोगों ने पीछा कर दबोच लिया है। पुलिस उसे हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। फिलहाल वारदात का कारण नहीं पता चल सका है।

अस्पताल में इलाज करा रही महिला की पहचान 55 वर्षीया लक्ष्मीना देवी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के भभुआ जिले के बडरोना गांव की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल को एक दुर्घटना में लक्ष्मीना देवी का पैर टूट गया था। इसके बाद परिजनों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए कमलापुर स्थित जीवक हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। सोमवार सुबह करीब 8 बजे, जब अस्पताल में सामान्य कामकाज शुरू हो रहा था, तभी एक युवक असलहा लेकर सीधे उस वार्ड में दाखिल हुआ जहां लक्ष्मीना देवी भर्ती थीं और उन पर फायरिंग कर दी।

बेटे के सामने ही दम तोड़ा

वारदात के वक्त महिला का बेटा अपनी मां के पास ही बैठा था। अपनी आंखों के सामने मां को लहूलुहान होते देख वह चीखने-चिल्लाने लगा। गोली की आवाज और बेटे की चीख सुनकर अस्पताल कर्मियों और मरीजों के बीच भगदड़ मच गई। गोली लगने के कारण अत्यधिक खून बह जाने से लक्ष्मीना देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। अस्पताल परिसर जो कुछ देर पहले तक शांत था, अचानक चीख-पुकार और दहशत के माहौल में बदल गया।

ग्रामीणों ने साहस दिखाकर कातिल को दबोचा

हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए अस्पताल से बाहर भागा। लेकिन वहां मौजूद तीमारदारों और स्थानीय ग्रामीणों ने साहस का परिचय दिया। लोगों ने शोर मचाते हुए आरोपी का पीछा शुरू किया। करीब एक किलोमीटर तक दौड़ाने के बाद ग्रामीणों ने आरोपी को हथेरवा गांव के सिवान (खेतों) में चारों तरफ से घेर कर दबोच लिया। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को अपनी कस्टडी में लेकर थाने ले आई।

पुलिस अधीक्षक ने किया निरीक्षण

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) आकाश पटेल, भारी पुलिस बल और फॉरेंसिक टीम के साथ अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लिए। एसपी ने बताया कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के कारणों का पता चल सके।

शुरुआती जांच में मामला किसी पुरानी रंजिश या पारिवारिक विवाद से जुड़ा लग रहा है, हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले जांच पूरी होने का इंतजार कर रही है। वारदात के बाद सुरक्षा के लिहाज से अस्पताल के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

Yogesh Yadav

लेखक के बारे में

Yogesh Yadav

योगेश यादव लाइव हिन्दुस्तान में पिछले छह वर्षों से यूपी सेक्शन को देख रहे हैं। यूपी की राजनीति, क्राइम और करेंट अफेयर से जुड़ी खबरों को कवर करने की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। यूपी की राजनीतिक खबरों के साथ क्राइम की खबरों पर खास पकड़ रखते हैं। यूपी में हो रहे विकास कार्यों, शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों में आ रहे बदलाव के साथ यहां की मूलभूत समस्याओं पर गहरी नजर रखते हैं।

पत्रकारिता में दो दशक का लंबा अनुभव रखने वाले योगेश ने डिजिटल से पहले प्रिंट में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। लम्बे समय तक हिन्दुस्तान वाराणसी में सिटी और पूर्वांचल के नौ जिलों की अपकंट्री टीम को लीड किया है। वाराणसी से पहले चड़ीगढ़ और प्रयागराज हिन्दुस्तान को लांच कराने वाली टीम में शामिल रहे। प्रयागराज की सिटी टीम का नेतृत्व भी किया।

बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से बीकॉम में ग्रेजुएट और बनारस की ही काशी विद्यापीठ से मास कम्युनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट योगेश ने कई स्पेशल प्रोजेक्ट पर काम भी किया है। राष्ट्रीय नेताओं के दौरों को कवर करते हुए उनके इंटरव्यू किये। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मौत से जुड़े रहस्यों पर हिन्दुस्तान के लिए सीरीज भी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।