Hindi NewsUP NewsCelebrations and processions after a friend's bail ten sent to jail for celebrating a friend's release
एक दोस्त के बाहर आने की खुशी ऐसी मनाई कि दस फ्रेंड पहुंच गए अंदर, भारी पड़ा जमानत पर जुलूस

एक दोस्त के बाहर आने की खुशी ऐसी मनाई कि दस फ्रेंड पहुंच गए अंदर, भारी पड़ा जमानत पर जुलूस

संक्षेप:

यूपी के आगरा में जमानत पर छूटे दोस्त की रिहाई का जश्न मनाने के चक्कर में दस फ्रेंड जेल पहुंच गए हैं। फेसबुक पर एक पोस्ट के बाद जेल के बाहर दो सौ की संख्या में बाइक से युवक जुटे और जुलूस निकाला। जाम लगा तो पुलिस एक्शन में आई और धरपकड़ शुरू कर जेल भेजा।

Dec 04, 2025 01:50 pm ISTYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

यूपी के आगरा में एक दोस्त की जमानत पर ऐसी खुशी मनाई गई कि दस फ्रेंड कुछ घंटे बाद ही जेल भेज दिए गए। गोली मारने के एक आरोपित को जमानत मिली तो दोस्तों ने जूलूस निकला। फेसबुक पर एक पोस्ट के बाद 200 से अधिक युवक जिला जेल के गेट पर पहुंच गए। जिंदाबाद के नारों के साथ दोपहिया और चार पहिया वाहनों पर भीड़ खंदारी बाईपास चौराहे पर आई। जुलूस से जाम लग गया। युवकों को अजब गजब नारेबाजी करते जुलूस निकालते देख लोग घबरा गए। पुलिस ने घेराबंदी करके 10 युवकों को दबोच लिया। मुकदमा लिखा गया। सभी दस को जेल भेज दिया गया। अन्य की तलाश की जा रही है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इंस्पेक्टर न्यू आगरा राजीव त्यागी ने बताया कि मूलत: बेदई, सादाबाद (हाथरस) निवासी राज चौहान ट्रांसयमुना थाने से जानलेवा हमले और अवैध हथियार रखने के आरोप में जेल गया था। मई 2024 में उसने एक युवक को गोली मारी थी। करीब एक साल से जेल में बंद था। जमानत पर रिहा हुआ। उसके भाई हर्ष चौहान ने फेसबुक पर एक पोस्ट डाली। लिखा कि राज भाई छूट रहे हैं। सभी साथी शाम छह बजे से पहले जिला जेल पहुंचें। सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर बड़ी संख्या में युवक बाइक और कार लेकर जिला जेल पर पहुंच गए। राज चौहान के बाहर आते ही उसका स्वागत किया। कार में बैठाया। नारे लगाते हुए जूलूस निकाला।

ये भी पढ़ें:34 साल का वजूद 14 घंटे में ध्वस्त, बुलडोजर एक्शन के बाद निकलीं 1946-47 की ईंटें

जाम लगा तो कार्रवाई

जुलूस खंदारी बाईपास चौराहे पर आया तो जाम लग गया। एक बाइक पर तीन-तीन युवक सवार थे। कोई कार की खिड़की से लटक रहा था तो कोई सनरूफ से बाहर निकलकर हंगामा कर रहा था। यह देख राहगीर घबरा गए। भयंकर जाम लग गया। पुलिस ने जैसे-तैसे स्थिति को संभाला। पुलिस को जुलूस की वजह पता चली तो पुलिस ने तत्काल कार्रवाई कर गिरफ्तारी की।

शांतिभंग में चालान

शांतिभंग और बिना अनुमति जुलूस निकालने की धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया। 10 आरोपियों का शांतिभंग में चालान किया गया। सभी को जेल भेज दिया गया। मुकदमे में नामजद राज चौहान और हर्ष चौहान फरार हैं। उनकी तलाश की जा रही है। मुकदमे में 200 अज्ञात युवकों का जिक्र है। उनकी भी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर जूलूस के वीडियो वायरल हुए हैं।

पुलिस ने खंदारी चौराहे के पास से अमित जाटव, लक्की कुमार, प्रिंस सोनी, ध्रुव चौहान, लोकेश चौहान, श्रेय वशिष्ठ, आमिर खान, अभिषेक अग्रवाल, पवन चौहान को पकड़ा था। सभी को जेल भेजा गया है। पुलिस ने आधा दर्जन वाहनों को भी सीज किया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। एक बाइक पर तीन-तीन युवक हैं। ट्रिपलिंग नहीं कर सकते। किसी ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा है।