
यूपी में एनकाउंटर, गोली लगने के बाद दो बेटों के साथ पशु तस्कर गिरफ्तार; हेड कांस्टेबल जख्मी
एनकाउंटर बदायूं के कुंवरगांव रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के पास हुआ। बुधवार की रात पुलिस को तस्करों के बारे में सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्करों की घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा। तीनों गोवंशीय पशु वध की घटना को अंजाम दे रहे थे।
Police Encounter: उत्तर प्रदेश में पुलिस और बदमाशों के बीच एक बार फिर एनकाउंटर हो गया। बदायूं जिले में पुलिस की गोली लगने के बाद दो बेटों के साथ पशु तस्कर गिरफ्तार किया गया। एनकाउंटर के दौरान तस्करों की गोली से एक हेड कांस्टेबल भी जख्मी हो गए हैं। बता दें की बुधवार को बरेली-मथुरा हाईवे पर स्थित एक प्राइवेट स्कूल के पीछे गोवंशीय अवशेष मिलने से स्थानीय लोगों का गुस्सा देखने को मिला था। लोगों ने इस पर जमकर हंगामा मचाया था।

एनकाउंटर बदायूं के कुंवरगांव रोड स्थित आईटीआई कॉलेज के पास हुआ। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की रात पुलिस को तस्करों के बारे में सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने तस्करों की घेराबंदी कर उन्हें सरेंडर करने को कहा। मिली जानकारी के अनुसार उस वक्त तीनों गोवंशीय पशु वध की घटना को अंजाम दे रहे थे।
सरेंडर करने की बजाए पशु तस्करों फायरिंग कर दी। इसमें हेड कांस्टेबल कृष्ण कुमार को गोली लग गई। घायलावस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, पुलिस की ओर से आत्मरक्षार्थ की गई फायरिंग में तस्कर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तस्करों की पहचान कुंवरगांव थाना क्षेत्र के दुगरैया गांव के असलम और उसके दो बेटों के रूप में हुई है।
15 सितम्बर को गोरखपुर में हुई थी बड़ी घटना
बता दें कि पिछले 15 सितम्बर को गोरखपुर में पशु तस्करी को लेकर बड़ी घटना हुई थी। पशु तस्करों ने यहां पिपराइच थाना क्षेत्र में नीट की तैयारी कर रहे एक छात्र की हत्या कर दी थी। इस घटना की जांच के दौरान सामने आया था की पशु तस्करी के तार बिहार, कुशीनगर और गोरखपुर के कई इलाकों से जुड़े हैं। इस मामले की जांच यूपी एसटीएफ को सौंपी गई थी। बताया जा रहा है कि एसटीएफ ने अपनी जांच पूरी कर ली है।



