साइकिल सवार बच्चे पर कार चढ़ाई; 25 मीटर तक घसीटा, रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो

हिन्दुस्तान, संवाददाता, कल्याणपुर (कानपुर)
Follow us on Google News
share

कानपुर के कल्याणपुर में कार ने साइकिल सवार आठवीं के छात्र आदि को टक्कर मार दी। छात्र कार के पिछले पहिये में फंस गया, फिर चालक उसे 20-25 मीटर तक घसीटकर कार छोड़कर फरार हो गया। गंभीर घायल छात्र अस्पताल में भर्ती है। पुलिस ने कार जब्त कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है।

कानपुर के कल्याणपुर आवास-विकास-1 में बुधवार शाम एक आठवीं के छात्र को कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद छात्र कार के पिछले पहिये में फंस गया। आरोप है कि चालक ने कार रोकने के बजाय उसे करीब 20 से 25 मीटर तक घसीटा। इसके बाद कार छोड़कर पैदल भाग निकला। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। घायल छात्र को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आवास-विकास-1 निवासी संदीप तिवारी कौशल विकास केंद्र संचालित करते हैं। उनका 14 वर्षीय बेटा आदि क्षेत्र के एक कॉन्वेंट स्कूल में आठवीं कक्षा का छात्र है।

रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो

परिजनों के मुताबिक, बुधवार शाम करीब सात बजे आदि घर के बाहर साइकिल चला रहा था। इसी दौरान सामने से एक कार आई। छात्र ने साइकिल रोककर हाथ से रुकने का संकेत भी दिया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद आदि साइकिल समेत कार के पिछले पहिये में फंस गया। आरोप है कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय कार दौड़ा दी, जिससे छात्र सड़क पर घिसटता चला गया। बताया जा रहा है कि साइकिल पहिये में फंसने के कारण चालक ने कुछ दूरी बाद कार रोकी। वह नीचे उतरा, छात्र को सड़क किनारे छोड़कर मौके से पैदल फरार हो गया।

कार ने साइकिल सवार छात्र को रौंदा

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया और कार का पीछा किया। भीड़ जुटती देख चालक कार छोड़कर भाग निकला। स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घायल आदि को अस्पताल में भर्ती कराया और पुलिस कंट्रोल रूम 112 को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस के मुताबिक, सीसीटीवी में कार की टक्कर और छात्र के घिसटने की घटना कैद हुई है। पुलिस ने मौके से कार को कब्जे में ले लिया है। कार फतेहपुर के गडरौली निवासी सौरभ के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। फरार चालक की तलाश में पुलिस टीम फतेहपुर भेजी गई है।

पिता ने बच्चे को जानबूझकर कुचलने का आरोप लगाया

छात्र के पिता संदीप तिवारी ने आरोप लगाया कि चालक ने बच्चे को देखकर भी कार नहीं रोकी और जानबूझकर उसे कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।कल्याणपुर थाना प्रभारी केशव तिवारी ने बताया कि दुर्घटना में शामिल कार को कब्जे में ले लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और वाहन के पंजीकरण के आधार पर फरार चालक की पहचान की जा रही है। तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsसाइकिल सवार बच्चे पर कार चढ़ाई; 25 मीटर तक घसीटा,रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो