गूगल मैप के भरोसे चल रही कार नाले में गिरी; गेट तोड़कर लोगों को निकाला, हापुड़ में टला बड़ा हादसा

हिन्दुस्तान, संवाददाता, हापुड़
Follow us on Google News
share

हापुड़ में गूगल मैप के बताए रास्ते पर जा रही एक कार चार फुट गहरे नाले में गिर गई। कार में सवार परिवार के पांच लोग अंदर फंस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर टीम ने करीब दो घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कोई जनहानि नहीं हुई।

हापुड़ में नाले में कार गिरी

हापुड़ में मेरठ जाने वाले फ्लाईओवर पर मरम्मत कार्य के चलते बंद रास्ते का विकल्प तलाशना एक परिवार को भारी पड़ गया। गौतमबुद्ध नगर के दादरी क्षेत्र से मेरठ जा रहा परिवार गूगल मैप के बताए रास्ते पर चला तो उनकी कार प्रीत विहार क्षेत्र में एक नाले में जा गिरी। हादसे में कार सवार सभी लोग अंदर फंस गए और करीब दो घंटे तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला जा सका। जानकारी के अनुसार, दादरी के सद्दीकपुरा निवासी मोहम्मद ईशान अपने परिवार के साथ मेरठ के किठौर में रिश्तेदारी में जा रहे थे। मेरठ की ओर जाने वाले आरओबी पर यातायात बंद होने के कारण चालक ने गूगल मैप की मदद से वैकल्पिक रास्ता चुना। रात करीब 10 बजे कार मैप के निर्देशों का पालन करते हुए हापुड़ के प्रीत विहार क्षेत्र पहुंची और अचानक करीब चार फुट गहरे नाले में जा गिरी।

गूगल मैप के भरोसे चल रही कार नाले में गिरी

कार में मोहम्मद ईशान के अलावा महिला गुड्डी, भाई सादिक और बच्चे रेशु व ताहिर सवार थे। नाले में गिरते ही कार के चारों दरवाजे लॉक हो गए और सभी लोग अंदर फंस गए। कार सवारों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस दौरान महिला और बच्चे मदद के लिए चीख-पुकार करते रहे। घटना की सूचना डायल-112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। नाले की गहराई और कार के फंस जाने के कारण बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। पुलिस और फायर कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कार का गेट तोड़कर लोगों को निकाला

डीएसपी फायर अजय कुमार शर्मा ने बताया कि रात करीब 10 बजे कार के नाले में गिरने की सूचना मिली थी। नाला लगभग चार फीट गहरा था, जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। सभी लोगों को सुरक्षित निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया और बाद में परिवार को दादरी भेज दिया गया। वहीं कार को नाले से बाहर निकालने के प्रयास जारी रहे। घटना के बाद पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि अपरिचित मार्गों पर यात्रा करते समय केवल डिजिटल मैप पर निर्भर न रहें। रास्ते को लेकर स्थानीय लोगों से भी जानकारी जरूर लें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।