
दिल्ली से दोस्त की शादी में आए युवकों की कार पेड़ से टकराई, दो की मौके पर मौत
मेरठ में ईंट-भट्ठे के पास रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। हादसे में दिल्ली से दोस्त की शादी में शामिल होने जा रहे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया, जहां दो युवकों की मौत हो गई।
यूपी के मेरठ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां किठौर-परीक्षितगढ़ मार्ग पर ईंट-भट्ठे के पास रविवार दोपहर एक कार पेड़ से जा टकराई। हादसे में दिल्ली से दोस्त की शादी में जा रहे चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल लाए जाने पर दो की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों मृतक दिल्ली के महरौली के रहने वाले थे। किठौर के बोंद्रा गांव से बारात मेरठ के लिसाड़ी गेट नूरनगर आ रही थी।

बोंद्रा गांव के रहने वाले इमरान बाइक मैकेनिक है और रविवार को उसकी शादी थी। बारात बोंद्रा गांव से मेरठ के लिसाड़ी गेट नूरनगर आई थी। दिल्ली के महरौली से कुछ दोस्त बोंद्रा में शादी समारोह में शामिल होने के लिए कार लेकर पहुंचे थे। दोपहर के समय बारात किला परीक्षितगढ़ होकर मेरठ आ रही थी। परीक्षितगढ़ पहुंचने पर पता चला कि कुछ सामान घर पर बोंद्रा में छूट गया है। इसे लेने के लिए इमरान के दोस्त वापस बोंद्रा जा रहे थे। इस कार में महरौली के अख्तर रजा, यासीन, शाहनवाज व आसिफ सवार थे। आसिफ कार चला रहा था और दोपहर करीब 2:30 बजे किठौर-परीक्षितगढ़ मार्ग पर ईंट-भट्ठे के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकरा गई।
2 युवकों की चली गई जान
जबरदस्त टक्कर लगने से कार के परखच्चे उड़ गए। कार में सवार चारों दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों और पुलिस ने घायलों को किठौर के अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने अख्तर रजा को मृत घोषित कर यासीन, इमरान व आसिफ को मेरठ मेडिकल रेफर कर दिया। मेडिकल पहुंचते ही यासीन ने भी दम तोड़ दिया। इमरान और आसिफ की हालत गंभीर है। इंस्पेक्टर प्रताप सिंह ने बताया हादसे का शिकार चारों लोगों की उम्र तीस साल के करीब है। परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी है।





