हाईवे पर कैंटर ने बाइक को रौंदा; चाचा और भतीजों की मौत, अमरोहा में दर्दनाक हादसा

हिन्दुस्तान, संवाददाता, बछरायूं (अमरोहा)
Follow us on Google News
share

अमरोहा में बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर कैंटर की टक्कर से बाइक सवार सरफराज उर्फ छोटू और उसके दो भतीजों कासिम व शारिक की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर खेत में पलट गया, जिससे चालक और हेल्पर घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

Amroha road accident 3 killed
Amroha road accident 3 killed

अमरोहा जिले में बिजनौर-बदायूं स्टेट हाईवे पर भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और उसके दो भतीजों की मौत हो गई। हादसे के बाद कैंटर अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकराते हुए खेत में पलट गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि घायल चालक और हेल्पर को मंडी धनौरा सीएचसी में भर्ती कराया गया। मंडी धनौरा के मोहल्ला कटरा निवासी 35 वर्षीय सरफराज उर्फ छोटू (पुत्र मुस्ताक) बैंड पार्टी संचालित करता था। रविवार शाम वह भतीजे 23 वर्षीय कासिम (पुत्र मुमताज) और 25 वर्षीय शारिक (पुत्र सरताज) के साथ बाइक से घर लौट रहा था।

सड़क हादसे में चाचा-भतीजों की मौत

बछरायूं थाना क्षेत्र में गांव फत्तेहपुर छीतरा के पास सामने से आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कैंटर खेत में पलट गया। इससे बछरायूं के मोहल्ला पेशथाना निवासी चालक वसीम व हेल्पर फरीद घायल हो गए। थानाध्यक्ष कुलदीप तोमर ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा

गम के चलते घरों में नहीं जले चूल्हे

जानकारी पर मोहल्ले में भी मातम पसर गया। गम के चलते घरों के चूल्हे तक नहीं जले। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतकों का दफीना किया जाएगा। नगर के मोहल्ला कटरा निवासी सरफराज उर्फ छोटू पुत्र मुस्ताक समेत हादसे में उसके भतीजों कासिम व शारिक की मौत से तीनों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों के बीच चीत्कार मच गई। रो-रोकर बुरा हाल रहा। जुटे लोग गमजदा परिजनों को ढांढ़स बंधाते रहे।

परिवार का छिन गया सहारा

परिजनों के मुताबिक तीनों मृतक मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण कर रहे थे। मृतक कासिम के पिता का स्वर्गवास हो चुका है। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके कंधों पर ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी भी टिकी थी। वहीं शारिक के भी तीन भाई बताए जा रहे हैं। वह भी मेहनत-मजदूरी कर ही परिवार का पालन पोषण करने में जुटा था।

sandeep

लेखक के बारे में

sandeep
लेटेस्ट Hindi News, UP News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News, और lucknow Weather अपडेट हिंदी में पढ़ें। साथ ही UP Chunav 2027 , UP Vidhan Sabha Seats और UP Election 2027 Candidates से जुड़ी ताज़ा खबरों के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi NewsUP Newsहाईवे पर कैंटर ने बाइक को रौंदा; चाचा-भतीजों की मौत, अमरोहा में दर्दनाक हादसा